पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिल्ली में प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार को घेरा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नई दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस कर बिजली के दाम बढ़ने व हिसार एयरपोर्ट के निर्माण में देरी समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा जब से सत्ता में आई है, तब से अपने वादों के विपरीत काम करते हुए लगातार जनता के साथ विश्वासघात कर रही है।
हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा में बिना नए कर का बजट पेश करने का दावा किया था। मगर सत्र खत्म होते ही पार्टी के दावे की पोल खुल गई है। बिजली की दरों में बढ़ोतरी करके स्पष्ट कर दिया कि वो जनता से लूट का खेल जारी रखेगी। सरकार ने बिजली की दरों में 40 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी और नए स्लैब लागू किए हैं। ऐसा करके सरकार जनता से लगभग 5000 करोड़ की लूट करने जा रही है। इससे पहले भी मौजूदा सरकार उपभोक्ताओं पर लगभग 95 रुपये प्रति 200 यूनिट की दर से एफएसए वसूली का फरमान सुना चुकी है। आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ सरकार ने उद्योगों के लिए भी बिजली की दरों में बढ़ोतरी की है, जबकि अन्य राज्य उद्योग को बढ़ावा देने व निवेशकों को आकर्षित करने के लिए अपने रियायतें दे रहे हैं। यही वजह है कि हरियाणा से उद्योग लगातार पलायन कर रहे हैं।
हिसार एयरपोर्ट के मसले पर हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान 2013-14 में ही हिसार और करनाल एयरपोर्ट को केंद्र सरकार की मंजूर मिल गई थी, लेकिन 11 साल तक भाजपा ने इसके निर्माण को लटकाए रखा। आज तक ये सरकार हिसार एयरपोर्ट के साथ उद्घाटन-उद्घाटन खेल रही है। वक्फ संशोधन बिल पर उन्होंने कहा कि इसे जल्दबाजी में लाया गया। इसके लिए पहले सभी पक्षों व स्टेक होल्डर के साथ बात की जानी चाहिए थी।