चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि एमएसपी को बढ़ाने और किसानों को एमएसपी देने के मामले में भाजपा सरकार कांग्रेस के मुकाबले दूर-दूर तक कहीं नहीं ठहरती।
खुद सरकारी आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि भाजपा सरकार के मुकाबले कांग्रेस कार्यकाल के दौरान एमएसपी में कई गुना ज्यादा बढ़ोतरी हुई। भाजपा ने एमएसपी बढ़ोतरी पर ब्रेक लगाने का काम किया। यही वजह है कि आज हरियाणा समेत पूरे देश का किसान आंदोलनरत है।
हुड्डा अपने आवास पर किसानों की मांगों और समस्याओं को सुन रहे थे। इस मौके पर हुड्डा ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि 2004-05 में जब कांग्रेस सत्ता में आई तो गेंहू का रेट सिर्फ 640 रुपये था। इसे कांग्रेस ने 1450 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंचाया, यानि कांग्रेस ने रेट में 126.5 प्रतिशत बढ़ोतरी की। लेकिन भाजपा के पूरे कार्यकाल में आज तक गेहूं के रेट में सिर्फ 51.7% की ही बढ़ोतरी हुई है। यानी कांग्रेस के मुकाबले आधी से भी कम। ब्यूरो