- पौने घंटे तक दिल्ली में हुई मुलाकात, संगठन सूची को लेकर भी चर्चा
- हरियाणा में जल्द घोषित हो सकता है कांग्रेस का संगठन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार को दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की। करीब पौने घंटे तक चली बैठक में गांधी ने हुड्डा के साथ हरियाणा के राजनीतिक हालातों पर चर्चा की। साथ ही 2024 के लोकसभा चुनावों को लेकर पूरा खाका तैयार किया। इसके अलावा हरियाणा कांग्रेस की संगठन सूची को लेकर भी मंथन किया गया। संभावना है कि आगामी दिनों में संगठन की सूची जारी की जाएगी।
हुड्डा ने सोनिया गांधी को प्रदेश में चलाए जा रहे विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम के साथ-साथ हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम की रिपोर्ट पेश की। इसके साथ ही प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान की अगुवाई में दूसरे दलों से कांग्रेस में आ रहे नेताओं को लेकर भी रिपोर्ट कार्ड पेश किया। हुड्डा ने दावा किया कि हरियाणा में कांग्रेस लगातार मजबूत हो रही है और 2024 में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। वहीं, बताया कि सोनिया गांधी ने सभी नेताओं को साथ लेकर चलने और एकजुटता का पाठ पढ़ाया।
गौरतलब है कि हरियाणा में पिछले नौ साल से कांग्रेस का संगठन खड़ा नहीं हो पाया है। इसको लेकर विपक्षी दलों के साथ-साथ कांग्रेस के नेता ही सवाल उठाते रहे हैं। पिछले कई माह से प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान की ओर से संगठन की सूची हाईकमान को भेजी हुई है, लेकिन अभी तक सूची जारी नहीं हो पाई है। 2024 के चुनावों में तैयारियों में जुटी भाजपा समेत अन्य दलों की बढ़ती गतिविधियों के बीच हुड्डा की गांधी से मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।
बाबरिया टटोल रहे कार्यकर्ताओं की नब्ज, गुरुग्राम लोकसभा के नेताओं से किया मंथन
हरियाणा कांग्रेस ने नए प्रभारी दीपक बाबरिया ने 2024 के चुनावों को लेकर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। एक दिन पहले फरीदाबाद लोकसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद शनिवार को गुरुग्राम लोकसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में बाबरिया ने संभावित लोकसभा उम्मीदवारों के साथ-साथ जिलाध्यक्षों के नाम को लेकर भी फीडबैक लिया। बाबरिया ने एक-एक नेता के साथ बैठक की और उनसे संबंधित लोकसभा क्षेत्र के मुद्दों को लेकर फीडबैक लिया। इसके बाद अगले सप्ताह इसी तरह दो और लोकसभा क्षेत्रों के नेताओं के साथ उनका संवाद होगा। अगस्त माह तक पूरे हरियाणा की दसों सीटों पर बाबरिया दौरा करेंगे और रिपोर्ट तैयार करके हाईकमान को सौंपेंगे।