जिले के ऐतिहासिक किला मुबारक को विश्व विरासती स्थान (वर्ल्ड हेरिटेज साइट) बनाने के लिए आने वाले मंगलवार को यूनेस्को की उच्चस्तरीय टीम की ओर से पटियाला का दौरा किया जाएगा।
जल्द ही ऐतिहासिक विरासत की संभाल के लिए पटियाला, जींद व कपूरथला की पुरातन इमारतों की मरम्मत कराकर उनको पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित किया जाएगा। यह विचार लोकल बाडी मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने पटियाला के सर्किट हाउस में दी। सिद्धू रविवार को पटियाला के सर्वपक्षीय विकास की योजना बनाने के लिए पूर्व सांसद परनीत कौर के साथ विचार करने पहुंचे थे।
सिद्धू ने कहा कि पटियाला शहर की सड़कों, पीने वाले पानी, शहर से गुजरते गंदे नालों की सफाई और कूड़ा कर्कट की समस्या के उचित हल के लिए सारे प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। तीन जून को इन प्रोजेक्टों समेत पटियाला के सर्वपक्षीय विकास के लिए तैयार की योजनाओं का सार्वजनिक तौर पर ऐलान कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व बादल सरकार की ओर से पीआईडीबी का गठन करके पंजाब के सारे पैसे को पीआईडीबी को तब्दील करके पंजाब के लोगों के पैसे का बड़े स्तर पर दुरुपयोग किया गया, लेकिन जल्द ही इसका सारा हिसाब लिया जाएगा। पंजाब के सारे नगर निगमों व म्युनिसिपल कमेटियों में पैसे के हुए दुरुपयोग को बेपर्दा करने के लिए जल्द ही निजी कंपनियों के जरिए आडिट कराया जा रहा है और सारी सच्चाई पंजाब के लोगों के सामने लाई जाएगी।