चंडीगढ़। सेक्टर-52 स्थित वाटर वर्क्स के पास अज्ञात कार की टक्कर से एक्टिवा सवार दिव्यांग की मौत हो गई। मृतक की पहचान सेक्टर-41 निवासी कैलाश के रूप में हुई है। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हादसा शनिवार रात करीब 10.30 बजे का है। मोहाली के गांव तोगां निवासी प्रत्यक्षदर्शी राकेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह सेक्टर-52 के वाटर वर्क्स में सुरक्षाकर्मी की नौकरी करता है। शनिवार को उसकी ड्यूटी रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक थी। रात को वह वाटर वर्क्स के मुख्य गेट पर खड़ा था। इसी दौरान उसने देखा कि तीन पहियों वाले एक एक्टिवा पर सवार दिव्यांग व्यक्ति मोहाली से चंडीगढ़ की तरफ आ रहा था। सेक्टर-52 स्थित वाटर वर्क्स के पास पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात कार चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दिव्यांग व्यक्ति सड़क पर गिर गया और एक्टिवा के नीचे दब गया जबकि चालक कार समेत फरार हो गया। शोरशराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कैलाश को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां रविवार को उसने दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस अब शिकायतकर्ता राकेश कुमार के बयान पर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान हो सके।