अगले शुक्रवार 29 जनवरी को रिलीज होने जा रही हिन्दी फिल्म मस्तीजादे और क्या सुपर कूल हैं हम के प्रदर्शन पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से रोक लगाने की मांग की गई है।
लुधियाना की संस्था रक्षा ज्योति फाउंडेशन की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि फिल्म में अश्लील संवाद और दृश्य हैं, लिहाजा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में इसके प्रदर्शन पर रोक लगाई जानी चाहिए।
मामले में हाईकोर्ट ने सेंसर बोर्ड और पंजाब तथा हरियाणा की सरकारों को नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है। फिल्म क्या सुपर कूल हैं हम शुक्रवार को रिलीज हो चुकी है, ऐसे में याची को इस मामले में कोई राहत नहीं मिल पाई है।
हालांकि फिल्म मस्तीजादे रिलीज होने से पहले दोनों फिल्मों के खिलाफ याचिका की सुनवाई 27 जनवरी को होगी। रक्षा ज्योति फाउंडेशन ने याचिका में कहा है कि पिछले कुछ दिनों से टेलिविजन चैनलों पर इन दोनों फिल्मों के जो प्रोमो दिखाए जा रहे हैं, उन्हें देख कर बच्चों बुरा असर पड़ रहा है।
ऐसे में प्रधान मंत्री सहित सेंसर बोर्ड को पत्र लिखकर इन फिल्मों से अश्लील संवादों और दृश्यों को हटाने की मांग की गई थी, लेकिन इन पत्रों पर अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई।
लिहाजा अब, हाईकोर्ट में याचिका दायर करनी पड़ी। जस्टिस राजेश बिंदल की बेंच ने याचिका पर सुनवाई करते हुए 27 जनवरी तक जवाब मांग लिया है।