चंडीगढ़। जिला अदालत ने 415 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए नाइजीरियन ईजे उचेना जेम्स को दस साल की सजा सुनाई। अदालत ने एक लाख जुर्माना भी लगाया। वहीं, अदालत ने एक नाइजीरियन को बरी कर दिया है। यह मामला जून 2017 का है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को साल 2017 में जानकारी मिली कि 40 वर्षीय उचेना जेम्स नाम का एक नाइजीरियन सेक्टर-17 स्थित मेला ग्राउंड में 400 ग्राम हेरोइन सप्लाई करने आ रहा है। टीम सेक्टर-17 मौके पर पहुंची। इस दौरान एक नाइजीरियन व्यक्ति अपने कंधे पर भूरे रंग का बैग ले जाते दिखा। उसे पकड़ा गया तो पता चला कि वह हैप्पी सिंह नामक व्यक्ति को हेरोइन सौंपने जा रहा था। तलाशी में उसके पास से 415 ग्राम हेरोइन मिली। जांच अधिकारियों को दिए बयान में उसने बताया कि वह हेरोइन बेचने वाले व्यवसायी राफेल चेक्कू के संपर्क में है। राफेल ने ही उसे चंडीगढ़ में हैप्पी सिंह नाम के व्यक्ति को बेचने के लिए हेरोइन दी थी। इसके बाद दोनों पर मामला दर्ज किया गया, लेकिन राफेल से हेरोइन की कोई रिकवरी नहीं की गई। राफेल उस दौरान हिसार जेल में बंद था। जांच में यह भी पता चला कि दोनों के बीच काफी दिनों से कोई संपर्क नहीं हुआ था, इसलिए राफेल को संदेह के आधार पर बरी कर दिया गया।