गवर्नमेंट कॉलेज के हॉस्टल से लाखों का हेरिटेज फर्नीचर चोरी
चंडीगढ़ से ली कार्बूजिए द्वारा तैयार हेरिटेज फर्नीचर की चोरी का सिलसिला रुक नहीं रहा। सेक्टर-11 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज(जीसी-11) के ब्वॉयज हॉस्टल से कई हेरिटेज कुर्सियां चोरी हो गई। सोमवार रात को हुई घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज नहीं किया और चोरों तक भी नहीं पहुंच पाई।
अंतराष्ट्रीय मार्केट में इन कुर्सियों की कीमत लाखों आंकी गई है। इसी हफ्ते लंदन में 1.21 करोड़ में ली कार्बूजिए हेरिटेज फर्नीचर की नीलामी हुई है। हेरिटेज कुर्सियों की चोरी की शिकायत हॉस्टल वार्डन ने पुलिस को दी है, लेकिन मामले में पुलिस अभी अपने स्तर पर जांच करने की बात कह रही है।
शहर से हेरिटेज फर्नीचर की चोरी का एक साल भर में तीसरा मामला है। यूटी प्रशासन के अधिकारियों ने पूरे मामले में कॉलेज प्रबंधन से रिपोर्ट तलब की है। हॉस्टल वार्डन, सिक्योरिटी गार्ड से भी मामले में पूछताछ की तैयारी है।
जानकारी अनुसार गवर्नमेंट कॉलेज(जीसी-11) के सेक्टर-15 ए स्थित जनरल (ब्वॉयज) हॉस्टल के वार्डन के घर की बालकनी से सोमवार रात को चार हेरिटेज कुर्सियां चोरी हुई हैं। जानकारी अनुसार सोमवार रात करीब 12 बजे तक वार्डन डॉ. जितेंद्र गौंड ने कुर्सियां होने की बात कही है। लेकिन रात 12 से 4 बजे के बीच कुर्सियों को चोरी कर लिया गया।