अजीतवाल में मार्कफेड के गोदाम से 2.40 करोड़ रुपये का गेहूं खुर्द-बुर्द होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने ब्रांच इंचार्ज और सेल्समैन के खिलाफ केस दर्ज किया है। विभागीय जांच के दौरान गबन का खुलासा होने बाद दोनों आरोपियों को निलंबित कर दिया गया था।
मार्कफेड के जिला प्रबंधक सुनील पुरी ने बताया कि इस नुकसान के लिए अजीतवाल ब्रांच इंचार्ज सुखजीत सिंह और सेल्समैन बलवीर सिंह जिम्मेदार हैं।
उन्हें विभाग की टीम की तरफ से स्टॉक की पड़ताल के बाद निलंबित कर दिया गया था। मामले की जांच कर रहे एएसआई सुरजीत सिंह के अनुसार मार्कफेड के जिला प्रबंधक ने पुलिस को शिकायत की थी।
इसमें आरोप लगाया था कि ब्रांच अजीतवाल के अधीन ओपन गोदाम में पड़े गेहूं की पड़ताल के दौरान 2013-14 के स्टॉक में से 181 बोरियां और 2014-15 के स्टॉक में से 25,874 बोरियां कम थी।
इस गेहूं की कीमत तकरीबन 2.40 करोड़ तय की गई थी। जिला पुलिस प्रमुख ने मामले की पड़ताल डीएसपी (आई) को सौंपी थी। पुलिस की प्राथमिक जांच में गेहूं घोटाले की पुष्टि होने बाद अजीतवाल ब्रांच इंचार्ज सुखजीत सिंह और सेल्समैन बलवीर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।