मुबारिकपुर के पास शनिवार दोपहर घग्गर नदी में एक व्यक्ति उस समय फंस गया, जब उसने नदी में बह रहे एक खाली ड्रम को पकड़ने की कोशिश की। ड्रम तो हाथ नहीं आया, लेकिन व्यक्ति तेज धारा में बहने लगा और एक झाड़ को पकड़कर 2 घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा। बाद में हिम्मत जुटाकर उसने खुद ही बाहर आने का साहस दिखाया। इसके बाद लोगों ने उसे सहारा देकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मी उसे मदद करने में बेबस नजर आए।
जानकारी के मुताबिक, घग्गर नदी के कॉजवे ओवरफ्लो होने पर वहां से कुछ खाली ड्रम नदी में बहते नजर आए। ऐसे ही एक ड्रम को पकड़ने के लालच में एक व्यक्ति नदी की तेज धारा में बहने लगा। कुछ दूरी पर मार्कंडेय मंदिर के पास एक पेड़नुमा झाड़ी को उसने पकड़ लिया और उसी के सहारे वह खुद को बचाने की जद्दोजहद करता रहा। इस बीच पानी में फंसे व्यक्ति को देख लोगों ने शोर मचाया। डेराबस्सी फायर ब्रिगेड और मुबारिकपुर पुलिस से कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन वह पानी में फंसे व्यक्ति को मदद पहुंचाने में बेबस नजर आए। पानी की धारा में व्यक्ति को बहा ले जाने पर आमादा थी, लेकिन उसने झाड़ी की पतली टहनी को नहीं छोड़ा और लगातार संघर्ष करता रहा।
करीब 2 घंटे बाद लोगों द्वारा मदद का भरोसा दिए जाने पर उसने हिम्मत जुटाई और तेजी से किनारे की ओर तैरना शुरू किया। यहां पहले मौजूद लोगों ने उसे सहारा देकर बाहर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लोगों ने उसे मुबारिकपुर पुलिस चौकी पहुंचाया, जिसके बाद उसे डेराबस्सी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, सिंचाई विभाग के एक्सईएन दविंदर सिंह के अनुसार, घग्गर नदी में मानसून के दौरान अमूमन 2000 क्यूसेक पानी होता है, लेकिन शनिवार को 10 हजार क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। लगभग दो से ढाई घंटे तक उसका बहाव जारी रहने के कारण घग्गर के किनारे वाले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए।
झुग्गियों में घुसा पानी, बाल बाल बचे लोग
बारिश से घग्गर में भारी उफान
पुलिस और प्रशासन के उपायों पर लगा सवालिया निशान
इस हादसे ने पुलिस व प्रशासन के बाड़ से राहत व बचाव उपायों पर सवालिया निशान लगा दिया है। बाड़ कंट्रोल टीम के इंचार्ज एसडीएम परमदीप सिंह ने इस बारे में फोन नहीं उठाया, जबकि नोडल अफसर तहसीलदार प्रवीन सिंगला के अनुसार उनके पास इस बारे कोई सूचना नहीं आई।
झुग्गियों में घुसा पानी, बाल बाल बचे लोग
मानसून के इस सीजन में घग्गर नदी शनिवार सुबह पूरे उफान पर नजर आई। पानी का स्तर इतना हो गया कि एक बार तो घग्गर पर मुबारिकपुर में बने कॉजवे के उपर से पानी गुजर गया। यह बरसाती पानी किनारे पर बसीं दो दर्जन झुग्गियों में जा घुसा। समय रहते दर्जनों परिवार बाल बच्चों व जरूरी सामान सहित सुरक्षित बाहर निकल आए।
हिमाचल और हरियाणा क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में भारी बरसात के कारण यह पानी घग्गर नदी में आया। नदी का पानी आने से किनारे पर बनी झुग्गी झोपड़ियों में बाड़ जैसे हालात बन गए। झुग्गीवासियों में बाबू, रामा, राजा राम, कृपाल, महिंदरा, राजेश, सियाराम ने बताया कि करीब 3 दर्जन झुग्गियों में शनिवार सुबह पानी घुस गया। वह अपना सामान समेटकर परिवारों सहित घग्गर कॉजवे पर जा पहुंचे। करीब 3 घंटे बाद पानी का स्तर कम होने के बाद वह दोबारा झुग्गियों में लौट आए।