माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। 74वें स्वतंत्रता दिवस पर पीजीआई में निदेशक प्रो. जगतराम ने झंडा फहराया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों की कद्र करते हैं, जिन्होंने हमारी स्वतंत्रता को संभव बनाया। कोरोना की महामारी में आज वही कार्य हमारे स्वास्थ्य कर्मी कर रहे हैं, वह भी सीमा पर तैनात योद्धाओं की भांति कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना ने मानव स्वास्थ्य और जीवन को पूरी तरह से अस्तव्यस्त कर दिया है, लेकिन पीजीआई ने इस संकट काल में लोगों की सेवा कर टीम वर्क का सबसे अच्छा उदाहरण पेश किया है। यह गर्व की बात है कि पीजीआई दिन-प्रतिदिन प्रगति कर रहा है। चिकित्सकीय शोध के क्षेत्र में भी हमारे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। अब तक प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में लगभग 1600 शोध प्रकाशित हो जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि महामारी के दौरान पीजीआई ने 200 बेड वाले नेहरू अस्पताल एक्सटेंशन ब्लॉक को कोविड अस्पताल बनाया। इस निर्णय से शहर को बड़ा लाभ मिला है। अब तक 3144 कोविड रोगियों को इस वार्ड से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर चुके हैं। इस अवसर पर डीन जीडी पुरी, प्रोफेसर एके गुप्ता, कुमार गौरव धवन, कुमार अभय, अशोक कुमार आदि उपस्थित थे। झंडारोहण के बाद पीजीआई परिसर में पौधरोपण किया गया। परिसर के चोरों ओर प्रो. जगतराम और अन्य चिकित्सकों द्वारा औषधीय पौध लगाए गए।