पानीपत के सिविल अस्पताल की एसएनसीयू वार्ड में बिजली संकट के बाद हुई दो बच्चों की मौत के मामले में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। इस मामले में लापरवाही बरतने वालों को मंत्री के कोप का भाजन बनना पड़ सकता है, जिसके संकेत मंत्री अनिल विज ने दे दिए हैं।
बता दें कि रविवार को पानीपत के सिविल अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड की बिजली गुल हो जाने की वजह से वार्ड में भर्ती दो नवजात बच्चों की मौत हो गई थी। बताते हैं कि वार्ड में कम वोल्टेज के कारण एसी में गड़बड़ी हुई थी, जिसके बाद वार्ड में भर्ती दो बच्चों की मौत हो गई थी। मामला संज्ञान में आते ही स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने विभाग के आला अधिकारियों से बात की और तुरंत इस मामले में रिपोर्ट भी तलब कर ली है।
इस मामले में कोताही बरतने वालों पर विभागीय गाज गिर सकती है। एक बयान में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले में अधिकारियों से रिपोर्ट मांग ली गई है जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।