हरियाणा में दूसरे चरण के सीरो सर्वे में 14.8 फीसदी लोगों में एंटीबाडी पाई गई हैं। कोरोना की वर्तमान मृत्यु दर 1.06 प्रतिशत को न्यनूतम स्तर तक ले जाने के लिए चिकित्सकों को और कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया है। इसके साथ ही कोरोना के पूरे इतिहास पर शोध करने के भी निर्देश दिए हैं।
यह जानकारी यहां पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने दी। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के सर्वे के लिए 19-20 अक्तूबर को राज्य के सभी जिलों के करीब 14477 लोगों के नमूने एकत्र किए। इनमें करीब 14.8 फीसदी लोगों में एंटीबॉडीज तैयार होने की पुष्टि हुई है।
इससे पहले अगस्त माह के दौरान पहला सर्वे करवाया गया था। जिसमें करीब 8 प्रतिशत लोगों में एंटीबॉडीज बनी थी, जोकि इस बार बढकर 14.8 प्रतिशत हुई है। विज ने कहा कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में 11.4 प्रतिशत तथा शहरी क्षेत्रों में 19.8 प्रतिशत एंटीबॉडीज पाई गई हैं। शहरी सीरो सर्वे की रिपोर्ट में फरीदाबाद में 40.2 प्रतिशत, यमुनानगर में 37.1 प्रतिशत तथा पानीपत में 36.3 प्रतिशत रहा है।
इसी प्रकार अधिकतम सीरो-पॉजिटिव जिलों में फरीदाबाद 31.2 प्रतिशत, यमुनानगर में 28.6 प्रतिशत तथा जींद में 26.6 प्रतिशत एंटीबॉडीज पाई गई है। इसके साथ ही 10 प्रतिशत से नीचे सीरो पॉजिटिविटी पाए गए जिलों में हिसार 9.7 प्रतिशत, महेंद्रगढ़ 8.6 प्रतिशत, चरखीदादरी7.7 प्रतिशत, सिरसा 7.5 प्रतिशत, पलवल 5.5 प्रतिशत और भिवानी में 3.1 प्रतिशत है।