चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 के टैक्सी स्टैंड पर मंगलवार की रात रंजिशन को फायरिंग की गई थी। फायरिंग में घायल राजेश उर्फ रॉक और हन्नी का जीएमसीएच में इलाज चल रहा है। सेक्टर-34 पुलिस ने डड्डूमाजरा निवासी काली और सन्नी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जीएमसीएच-32 में भर्ती राजेश उर्फ रॉक ने बताया कि वह टैक्सी स्टैंड पर बैठे हुए थे। इसी बीच उनके पास कुछ युवक आए और वहां लंगर लगाने की बात कही। कुछ ही देर में डड्डूमाजरा निवासी सन्नी और काली भी वहां पहुंच गए। उन्होंने वहां आते ही राजेश के साथ हाथ मिलाया। चंद मिनट वहीं बैठने के बाद राजेश अपने साथियों और उन युवकों के साथ लंगर के लिए जगह देख रहा था। इसी दौरान काली ने पिस्टल निकाली और फायर कर दिया। पहली गोली सेक्टर-41 निवासी हन्नी की गर्दन पर लगी। इसके बाद उसने दूसरी गोली चलाई जो राजेश उर्फ रॉक के हाथ पर लगी। उन्होंने भागकर अस्पताल में घुस अपनी जान बचाई क्योंकि दोनों को गोलियां लगने के बाद और भी गोलियां चलाईं। राजेश उर्फ रॉक ने बताया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और शहर में नशा बिक्री और तस्करी का काम भी करते हैं। राजेश आरोपियों को डड्डूमाजरा निवासी धर्मपाल के माध्यम से जानता है। कुछ साल पहले राजेश ने उसका टैक्सी का काम शुरू कराया था। मगर उसकी संगत और हरकतों को देखते हुए करीब सात महीने पहले उसे खुद से अलग कर दिया। राजेश ने शक जताया है कि धर्मपाल ने ही उस पर गोलियां चलवाई हैं।