इनेलो के फर्जी प्रमाण पत्र का इस्तेमाल कर अमेरिका में शरण लेने के मामले में अमेरिकी दूतावास के इमिग्रेशन विभाग का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पार्टी के मुख्यालय पहुंचा। इस दौरान इमिग्रेशन विभाग के अधिकारियों ने पार्टी के ऑफिस सेक्रेटरी को पार्टी के दस्तावेज दिखाए, जिन्हें पार्टी ने अवैध घोषित कर दिया।
बाद में पार्टी ने अपने आधिकारिक लेटर पैड का सैंपल पेपर दिखाया और कहा कि पार्टी के मुख्य कार्यालय द्वारा जारी किए गए प्रमाण पत्र ही वैध माने जाएंगे। इसके अलावा किसी की तरफ से फर्जी प्रमाण पत्र दिया जाता है और इनेलो के सिंबल का गलत इस्तेमाल करते हुए पैसे लिए जाते हैं तो इनेलो की तरफ से उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा।
इनेलो के ऑफिस सेक्रेटरी नछत्तर सिंह मल्हान ने बताया कि पिछले साल जुलाई में अवैध रूप से अमेरिका जाकर शरण लेने के लिए फर्जी तरीके से इनेलो पार्टी के प्रमाण पत्र का इस्तेमाल किए जाने की सूचना मिली थी।
डंकी रूट से जाने वाले लोग अमेरिका में वकीलों के माध्यम से इनेलो पार्टी का फर्जी लेटर पैड दिखाकर उससे जुड़े होने का दावा करते और बताते कि भारत में उन्हें धमकी मिली हुई है, इसलिए उन्हें शरण दी जाए। इस बारे में कुछ लोगों की ओर से सूचना मिलने पर पार्टी ने अमेरिकी दूतावास को एक पत्र लिखा, जिसमें यह स्पष्ट किया गया था कि इनेलो पार्टी ने इस तरफ के कोई भी प्रमाण पत्र जारी नहीं किए हैं और इससे पार्टी की बदनामी हो रही है। साथ ही इस मामले की जांच की जाए।
अमेरिकी दूतावास ने पत्र पर संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की पड़ताल की और उसकी जांच के लिए मंगलवार को इनेलो ऑफिस अधिकारी पहुंचे। मामले की पड़ताल के बाद अमेरिकी दूतावास के प्रतिनिधि मंडल ने इनेलो की ओर से मामले को अवगत कराने और जांच में सहयोग देने की तारीफ भी की।