हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा की तिथि बदल दी गई है। अब यह परीक्षा 30 व 31 अगस्त को आयोजित होगी।
पहले परीक्षा की तिथि 29-30 अगस्त निर्धारित थी, लेकिन 29 अगस्त को रक्षाबंधन के कारण बोर्ड ने परीक्षा तिथि में आंशिक बदलाव कर दिया है। बुधवार को संशोधित डेटशीट जारी कर दी गई।
29 अगस्त को होने वाली लेबल-3 की परीक्षा 31 अगस्त को आयोजित की जाएगी।
नए शेड्यूल के अनुसार लेवल-1 (पीआरटी) परीक्षा 30 अगस्त को सुबह साढ़े 10 बजे से 1 बजे तक, लेवल-2 (टीजीटी) परीक्षा 30 अगस्त को अपराह्न 3 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक और लेवल-3 (पीजीटी) परीक्षा 31 अगस्त को अपराह्न 3 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
बोर्ड सचिव पंकज ने बताया कि रक्षाबंधन के कारण परीक्षा तिथि में आंशिक बदलाव किया गया है। परीक्षा केन्द्र के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक आइटम, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन आदि लेकर जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
किसी भी परीक्षार्थी के पास इस प्रकार के उपकरण पाए जाते हैं, भले ही उसका प्रयोग किया गया हो अथवा नहीं, तो परीक्षार्थी पर बोर्ड के अनुचित साधन प्रयोग’ विनियमों के तहत कार्रवाई के साथ आपराधिक मामलों के तहत कार्रवाई भी की जा सकती है।