हरियाणा में ग्रुप सी की 32 हजार पदों की भर्ती के लिए होने वाली स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने संभावित शेड्यूल तैयार कर लिया है। 21 जून से 31 जुलाई तक यह परीक्षाएं होंगी। पेपर लीक को रोकने के लिए इस बार एचएसएससी ने फुलप्रूफ प्लान तैयार किया है। पहली बार 4 बार कोड वाले प्रश्नपत्र दिए जाएंगे। खास बात ये होगी कि इसमें संबंधित अभ्यर्थियों की हिडन डिटेल होगी और पेपर लीक की संभावना न के बराबर रहेगी।
32 हजार पदों पदे के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) पास 3.26 लाख युवाओं ने स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए आवेदन किया हुआ है। आयोग पदों के चार गुणा टापर को ही स्क्रीनिंग के लिए बुलाने की तैयारी में है, जबकि अभ्यर्थी सभी को मौका देने पर अड़े हुए हैं। हालांकि, अभी तक इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने परीक्षाएं के लिए पूरी तैयारी कर ली है। आयोग की मंशा है कि सितंबर में चतुर्थ श्रेणी के 12 हजार पदों के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा से पहले ग्रुप सी की भर्ती को पूरा कर लिया जाए, ताकि ग्रुप सी की भर्ती से बाहर रहने वाले अभ्यर्थी ग्रुप डी के लिए आवेदन कर सकें।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष भोपाल सिंह खदरी ने बताया कि परीक्षाओं के लिए आयोग पूरी तरह से तैयार है। नकल और पेपर लीक लीक रोकने के लिए आयोग ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। इस बार चार बार कोड के प्रशन पत्र दिए जाएंगे।