4 नवंबर को जींद रैली के बाद आरपार की लड़ाई का एलान होगा। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रधान धर्मबीर फोगाट, महासचिव सुभाष लांबा व वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने बताया कि संघ ने इस रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा एवं उससे संबंधित सभी विभागीय संगठनों के केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्यों के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया है। यह टीमें सभी जिलों में 2 व 3 नवंबर को सभी विभागों में गेट मीटिंगों का आयोजन किया जाएगा और कर्मचारियों से भारी संख्या में रैली में शामिल होने का आह्वान करेंगे। उन्होंने दावा किया कि रैली ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व होगी।
11 नेताओं को न्यायिक हिरासत में भेजा
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा ने बताया कि भिवानी में बुधवार को गिरफ्तार किए 11 नेताओं को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इन नेताओं में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा एवं अध्यापक नेता वजीर सिंह, हरियाणा संयुक्त कर्मचारी संघ के महासचिव शिव कुमार पाराशर, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव सुख दर्शन सरोहा और जनवादी महिला समिति की नेता बिमला घणघस शामिल हैं। महासचिव सुभाष लांबा ने बताया कि इन नेताओं के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में झुठे मुकदमे दर्ज किए हैं।