दून ने लिखा, बैरिकेडिंग तोड़ने के लिए बुजुर्ग, महिलाओं व बच्चों को आगे कर सकते हैं प्रदर्शनकारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शंभू व दातासिंह वाला बॉर्डर पर जेसीबी व अन्य मशीनरी एकत्र होने पर हरियाणा के आईजीपी कानून व्यवस्था हरदीप सिंह दून ने पंजाब के डीजीपी को एक पत्र लिखा है। उन्होंने लिखा है कि पंजाब की तरफ से प्रदर्शनकारियों की ओर से बेरिकेड्स तोड़ने के लिए कई मशीनरी इकट्ठा किए जाने की सूचना मिली है। इससे पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों को नुकसान पहुंच सकता है। इस बारे में पंजाब पुलिस जरूरी कदम उठाए। पंजाब पुलिस तुरंत जेसीबी मशीनों को जब्त करे और ऐसे लोगों को सख्ती से रोका जाए। उन्होंने पत्र में लिखा है कि दोनों बॉर्डर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को आगे रखा जा रहा है। इसकी आड़ में प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़ना चाहते हैं। यदि ऐसी स्थिति बनती है तो हरियाणा पुलिस को मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ेगी। पंजाब पुलिस बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों व पत्रकारों को बैरिकेडिंग से करीब एक किलोमीटर पीछे रखने की व्यवस्था करे।
हरियाणा पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार। किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।
अनिल विज, गृहमंत्री हरियाणा