हरियाणा में अब नशा तस्करी व तस्करों की सूचना लोग पुलिस को टोल फ्री व मोबाइल नंबर पर दे सकेंगे। सूचना देने वालों का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए हरियाणा पुलिस ने विशेष प्लानिंग के तहत उक्त व्यवस्था की है। इससे पुलिस आमजन के बीच अपना इंटेलीजेंस नेटवर्क भी और मजबूत कर सकेगी।
प्रदेश में नशा तस्करी को खत्म करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हरियाणा पुलिस द्वारा टोल फ्री नंबर 1800-180-1314 जारी कर लोगों से इस संबंध में सूचना देने के लिए आग्रह किया गया है। कोई भी व्यक्ति जिसके पास ड्रग सप्लाई नेटवर्क या इससे संबंधित कोई जानकारी है, तो वह पुलिस के साथ इस टोल फ्री नंबर पर साझा कर सकता है। इसके अतिरिक्त मोबाइल नंबर 7087089947 और लैंडलाइन नंबर 01733-253023 पर भी जानकारी दी जा सकती है।
नशे की आपूर्ति नेटवर्क के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी अंतरराज्यीय ड्रग सचिवालय के ईमेल पर भी प्रदान की जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही, सटीक और ठोस जानकारी प्रदान करने के लिए उपयुक्त इनाम भी दिया जाएगा। डीजीपी हरियाणा ने लोगों से निडर होकर आगे आने का अनुरोध करते हुए कहा कि पुलिस ने नशे की तस्करी को जड़ से मिटाने के लिए विशेष अभियान चलाया है। आमजन बिना किसी भय के उपरोक्त नंबरों या ईमेल पर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त संबंधी जानकारी पुलिस के साथ साझा करें।