हरियाणा पुलिस ने अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ ऑपरेशन आक्रमण-5 के तहत प्रदेशभर से 1334 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 219 भगौड़े अपराधी और 39 बेल जंपर शामिल हैं। इसके अलावा, आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने कुल 565 एफआईआर दर्ज की हैं।
एसपी और डीसीपी के नेतृत्व में 7620 पुलिस जवानों की 1443 टीमों ने रविवार सुबह से रात तक अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने कुल 80 अवैध हथियार और 40 कारतूस बरामद किए है। इसी प्रकार, 52 किलो 704 ग्राम गांजा, 29.8 ग्राम हेरोइन, 35 किलो से अधिक चूरापोस्त, 595 ग्राम अफीम, 19.76 ग्राम स्मैक, 14 ग्राम सुल्फा, 2.488 किलोग्राम चरस और 1222 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और 62 कैप्सूल भी बरामद किए है।
पांच मोस्ट वांटेड बदमाश भी गिरफ्तार
पुलिस ने कुख्यात अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए पांच मोस्टवांटेड/इनामी बदमाशों को काबू किया। 18 भगोड़ों और 39 बेल जंपर्स समेत कई संगीन वारदातों में शामिल 16 अन्य आरोपियों को भी काबू किया गया। पुलिस ने 271 बोतल अंग्रेजी शराब, 4288 बोतल देसी शराब, 685 बोतल बीयर, 1215 बोतल अवैध शराब और 1366 लीटर लाहन जब्त किया है। जुआ अधिनियम के तहत गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 2,30,870 रुपये की नकदी भी बरामद की।
अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस के सभी ऑपरेशन सफल रहे हैं। प्रदेश में आपराधिक घटनाएं और नशा किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। -पीके अग्रवाल, डीजीपी, हरियाणा।