हरियाणा में पीजीटी संस्कृत की भर्तियां विवादों में घिर गई है। भर्ती प्रक्रिया में इंटरव्यू से ठीक पहले बिना सूचना दिए शैक्षणिक योग्यता ही बदल दी और इंटरव्यू सूची में अपात्र लोगों को भी शामिल कर लिया। सूची जारी होने के बाद योग्य आवेदक सकते में आ गए और उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की शरण ली। आयोग ने बढ़ते विवाद को देख आनन-फानन में बदली शैक्षणिक योग्यता के आधार पर जारी इंटरव्यू को तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया और इसकी सूचना भी हाईकोर्ट में भी दी। उधर, इसी विवाद के चलते पीजीटी संस्कृत की ये भर्तियां करीब साढ़े तीन साल से लटकी पड़ी हैं।
इस तरह हुआ शैक्षणिक योग्यता में खेल
पीजीटी संस्कृत की भर्ती के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने 28 जून 2015 को विज्ञापन जारी किया था। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता एमए संस्कृत तय की गई थी। स्क्रीनिंग के बाद उम्मीदवारों को दस्तावेज की छंटनी के लिए 17 से 20 अप्रैल 2017 व 24 से 25 सितंबर 2018 को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा बुलाया गया। इसके बाद आयोग ने 30 सितंबर 2018 को उम्मीदवारों की साक्षात्कार की सूची जारी की। साक्षात्कार की तारीख 13 अक्टूबर 2018 हरियाणा चयन आयोग के द्वारा निश्चित की गई थी।
लेकिन हैरानी की बात यह कि इस प्रक्रिया में हरियाणा चयन आयोग ने बिना किसी पूर्व सूचना के ही भर्ती प्रक्रिया के बीच में अनुचित प्रकार से शैक्षणिक योग्यता को बदल दिया। इंटरव्यू के लिए जारी सूची में उन युवाओं के नाम भी शामिल कर दिए गए जिनकी शैक्षणिक योग्यता एमए संस्कृत न होकर शिक्षा शास्त्री व आचार्य थी। इस इंटरव्यू लिस्ट के खिलाफ अभ्यर्थियों ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर दी। जिसमें भर्ती संबंधी विज्ञापन में अंकित शैक्षणिक योग्यता के अनुसार ही भर्ती करने की मांग की गई। विवाद बढ़ता देख आयोग ने इस तुरंत इस संबंधित इंटरव्यू को रद्द कर दिया और इसकी सूचना हाईकोर्ट को दी।
हाईकोर्ट ने 11 अक्तूबर 2018 को कहा कि हरियाणा चयन आयोग ने सूचित किया है कि उसके द्वारा 30 सितंबर 2018 को जारी की गई साक्षात्कार सूची को वापस ले ली गई है और नई सूची जल्द ही 28 जून 2015 के विज्ञापन में शैक्षणिक योग्यता के अनुसार जारी की जाएगी। हाईकोर्ट ने युवाओं को ये भी कहा है कि आयोग इंटरव्यू की जो दूसरी सूची जारी करेगा, उसमें यदि कोई दिक्कत होती है, तो युवा फिर हाईकोर्ट आ सकते हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी नहीं है। भर्ती में जो शैक्षणिक योग्यता रखी गई थी, उसी आधार पर जल्द इंटरव्यू लिस्ट जारी कर दी जाएगी। इस मामले में प्रक्रिया चल रही है। जल्द ये भर्ती प्रक्रिया पूरी होगी।
- बीबी भारती, चेयरमैन, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग