फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा निकाय चुनाव का दंगल तैयार: आज नामांकन पत्रों की होगी छंटनी, कल तीन बजे तक वापस ले सकेंगे नाम

Tue, 18 Feb 2025 12:05 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, चंडीगढ़
विज्ञापन
हरियाणा चुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हरियाणा के 18 जिलों में निकाय चुनाव का दंगल सजकर तैयार हो गया है। 17 फरवरी सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन था। रात नौ बजे तक नगर निगम के मेयर, नगर परिषद व पालिका के अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के चुनाव में कुल 3136 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें मेयर पद के लिए 57, नगर परिषद व पालिका के अध्यक्ष पद के लिए 271 और वार्ड पार्षद के लिए 2808 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। राज्य चुनाव आयोग मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच करेगा। बुधवार तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। उसी दिन उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी और चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिए जाएंगे।

विज्ञापन

हरियाणा के 19 जिलों के 41 निकायों में चुनाव हो रहे हैं। दस नगर निगम में मेयर चुने जाने हैं। इनमें दो निगमों में उपचुनाव होने हैं। पानीपत नगर निगम को छोड़कर शेष सभी 41 निकायों के लिए सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन था। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक अंबाला के मेयर उपचुनाव में छह उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। फरीदाबाद में सात, गुरुग्राम में दो, हिसार में दस, करनाल में छह, मानेसर में सात, रोहतक में पांच, सोनीपत में आठ और यमुनानगर में मेयर पद के लिए छह उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है।

28 नगर परिषद और नगर पालिका अध्यक्ष के लिए कुल 271 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। लोहारू में 25, बवानीखेड़ा में 19, जुलाना में 15, पटौदी व तावड़ू में 14-14, फर्रुखनगर व अटेली मंडी में 13-13, कलायत व नारनौंद में 12-12, बराड़ा में 11, बेरी व सीवन में 10-10, कनीना, सिवानी, हथीन और सिरसा में 9-9, खरखौदा, रादौर, नीलोखेड़ी में 8-8, थानेसर व कलानौर में 6-6, अंबाला सदर, सोहाना, इंद्री व इस्लाईलाबाद में पांच-पांच, असंध व जाखल मंडी में 4-4, पुंडरी में 3 उम्मीदवारों ने आवेदन किया।

पार्षद पद के लिए दिखा जोश
पार्षद पद के लिए उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा जोश देखने को मिला। करनाल में नगर निगम व पालिका के पार्षद के लिए 231 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। यमुनानगर में पार्षद पद के लिए 106 और रोहतक नगर निगम में पार्षद पद के लिए 154 ने पर्चा भरा है। हिसार नगर निगम में 20 वार्ड के लिए 118, फरीदाबाद में 231, गुरुग्राम में 236 और नए निगम बने मानेसर के लिए 141 उम्मीदवार पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया। कैथल की तीनों नगर पालिका में पार्षद पद के लिए 194 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। तरावड़ी में पार्षद पद के लिए होने वाले उपचुनाव में चार ने नामांकन दाखिल किया। रादौर नगर पालिका के पार्षद पद के लिए 48 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। कुरुक्षेत्र में नगर परिषद के पार्षदों के लिए 99 और अंबाला नगर परिषद के पार्षद पद के लिए 104 ने पर्चा दाखिल कराया है। बराड़ा में पार्षद पद के लिए 47 ने नामांकन दाखिल कराया है। कलानौर नगर पालिका में पार्षद के लिए 60, खरखौदा नगर पालिका में पार्षद पद के लिए 54, बेरी नगर पालिका में पार्षद पद के लिए 49, नगर पालिका जुलाना में पार्षद के लिए 47, सफीदो में पार्षद पद के उपचुनाव के लिए तीन, मंडी अटेली नगर पालिका में पार्षद पद के लिए 50, नगर पालिका कनीना के लिए 51 पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया। सिरसा में 32 वार्ड के लिए 141, लोहारू पालिका के लिए 49, बवानी खेड़ा के लिए 73, सिवानी में 69 उम्मीदवार, जाखल पालिका के लिए के लिए 51 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। फर्रुखनगर के लिए 41, पटौदी जाटौली मंडी के लिए 76 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है।

कांग्रेस प्रत्याशी ने पहले 1.15 करोड़ भरे, फिर हो सका नामांकन
सोनीपत नगर निगम से कांग्रेस के मेयर उप चुनाव के प्रत्याशी कमल दिवान सोमवार को नामांकन कराने पहुंचे तो प्रशासन ने अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनडीसी) नहीं होने पर उनका नामांकन रोक दिया। कमल दिवान पर 1 करोड़ 15 लाख 95 हजार 816 रुपये गृहकर और पानी व सीवर का 4779 रुपये बिल बकाया था। एनडीसी लेने के लिए सांसद सतपाल ब्रह्मचारी से लेकर पार्टी कार्यकर्ता अधिकारियों के चक्कर काटते रहे। कमल दिवान ने तर्क दिया कि उनका मामला अदालत में विचाराधीन है, लेकिन निगम अधिकारियों ने इस तर्क को खारिज कर दिया। आखिरकार कमल दिवान को आरटीजीएस के जरिए बकाया गृहकर चुकाना पड़ा। इसके बाद ही उनका नामांकन फार्म जमा हो सका।

कांग्रेस ने थमाई टिकट तो प्रत्याशी हुआ गायब, दूसरे ने नामांकन ही नहीं भरा
विधानसभा चुनाव में हार के बाद से कांग्रेस नेताओं के हौसले डगमगा चुके हैं। उनमें निकाय चुनाव लड़ने का भी साहस नहीं हो रहा है। करनाल नगर निगम के वार्ड नंबर आठ के राकेश अरोड़ा को भी टिकट दिया था। पार्टी सूत्रों के अनुसार, टिकट मिलने पर राकेश ने नामांकन के लिए कागजी प्रक्रिया भी पूरी कर ली, लेकिन अंत वे गायब हो गए। इसके अलावा वार्ड-20 में निर्दलीय रामपाल शर्मा को समर्थन का एलान किया था। इन्होंने नामांकन तक दाखिल नहीं किया। अब कांग्रेस दो वार्डों में नए विकल्प तलाश रही है, जिन्हें समर्थन दिया जा सके।

निकाय चुनाव से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने किया किनारा
निकाय चुनाव में जीत को लेकर भाजपा ने कमर कस रखी है। पार्टी ने मुख्यमंत्री के साथ सभी मंत्रियों, पार्टी अध्यक्ष समेत सभी वरिष्ठ नेताओं की चुनाव में ड्यूटी लगा रखी है। वहीं, कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता अब तक फील्ड में नहीं उतरे हैं। नामांकन के अंतिम दिन पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा कहीं नजर नहीं आईं।
विज्ञापन

दो निगम में पार्षद और 10 पालिका में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस को नहीं मिले प्रत्याशी
भाजपा का किला भेदने का दावा करने वाली कांग्रेस को निकाय चुनाव में पूरे उम्मीदवार नहीं मिले हैं। करनाल नगर निगम में चार वार्डों और रोहतक नगर निगम के दो वार्डों से पार्टी प्रत्याशी नहीं उतार पाई है। ऐसी ही स्थिति कांग्रेस की 10 नगर पालिका में भी है। इंद्री, नीलोखेड़ी, इस्माईलाबाद, रादौर, सीवन, पूंडरी, कलायत, बराड़ा खरखौदा और जुलाना नगर पालिका से कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के लिए कोई उम्मीदवार नहीं उतारा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें