गर्मी के बाद सर्दी का भी सीजन खत्म होने जा रहा है, लेकिन हरियाणा के 16 लाख 79 हजार 646 बच्चों में से 15 जिलों के 8 लाख 59 हजार 25 विद्यार्थियों को ही स्टेशनरी, बैग और गर्मी सर्दी की वर्दी के पैसे मिले हैं। पूरा सीजन बीतने को है लेकिन राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले आधे से ज्यादा विद्यार्थी अभी तक सरकारी सुविधा के तहत मिलने वाली स्टेशनरी, बैग और वर्दी का इंतजार कर रहे हैं।
हरियाणा शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि केंद्र से 71 करोड़ रुपये उपरोक्त सामग्री के लिए बजट मिलते ही 8 लाख बच्चों के खातों में पैसा ट्रांसफर कर दिया था। वहीं, हरियाणा वित्त विभाग से बजट की मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन शेष आठ लाख से ज्यादा बच्चों में कुछ बच्चों का परिवार पहचान पत्र लिंक नहीं होने की वजह से उनके खातों में पैसा ट्रांसफर करने में भी देरी हो सकती है।
ये है बजट
पहली से पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों को वर्दी के लिए 800 रुपये
छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को वर्दी के लिए 1000 रुपये
पहली से छठी कक्षा के विद्यार्थियों को स्टेशनरी के लिए-220 रुपये
पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्टेशनरी के लिए 300 रुपये
इन सात जिलों में नहीं पहुंची अभी तक वर्दी-स्टेशनरी
हरियाणा के जहां 15 जिलों में कुछ समय पहले ही स्टेशनरी और वर्दी के लिए खातों में पैसा डाला गया है। वहीं अभी तक मेवात, पंचकूला, पानीपत, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर के विद्यार्थियों में से 4 लाख और विद्यार्थियों के खातों में स्टेशनरी और वर्दी के पैसे डालने की तैयारी की जा रही है। बताया गया है कि इन स्कूलों के लिए बजट की अप्रूवल आ चुकी है,अगले एक सप्ताह में खातों में राशि डाल दी जाएगी।