अब आयुष निदेशक से कहा- मैं नहीं देख रहा विभाग
आयुष विभाग के निदेशक डॉ. अंशज सिंह मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के कार्यालय पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इस दौरान डॉ. अशंज सिंह ने नौ नवंबर को पंचकूला में होने वाले कार्यक्रम को लेकर आमंत्रित किया। हालांकि, विज ने साफ कह दिया कि वह स्वास्थ्य विभाग नहीं देख रहे हैं। ऐसे में इस कार्यक्रम में कई राज्यों के मंत्रियों के आने की संभावना है लेकिन विज के जाने पर संशय बना है। गौर हो कि इससे पहले चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग की निदेशक आशिमा बराड़ भी उनसे मिलने पहुंची थी तो भी विज ने उन्हें कह दिया था कि वह विभाग नहीं देख रहे हैं, इसलिए मार्गदर्शन सीएमओ से प्राप्त करें।
पंचकूला में जुटने हैं आठ राज्यों के मंत्री और प्रतिनिधि
नौ नवंबर को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आठ राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की आयुर्वेदिक क्षेत्रीय समीक्षा बैठक होनी है। इसमें सभी राज्यों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मंथन करेंगे। बैठक में राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत चल रही योजनाओं, गतिविधियों, कार्यक्रमों हेल्थ वेलनेस केंद्रों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी।