या
सब्सक्रिप्शन लें, अतिरिक्त 4 महीने फ्री {{/show_subscribe}}हरियाणा के 40 निकायों में रविवार यानी आज 55 लाख मतदाता अपने शहर की सरकार चुनेंगे। इनमें लगभग 27 लाख पुरुष, 24 लाख महिला व 184 अन्य मतदाता हैं। इनके लिए कुल 5,126 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। नौ नगर निगमों में मेयर पद के लिए 39 उम्मीदवार, पांच नगर परिषदों में प्रधान पद के लिए 27 और 23 नगर पालिकाओं में प्रधान के लिए 151 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, वार्ड सदस्यों के लिए 2,330 उम्मीदवारों की किस्मत रविवार को ईवीएम में बंद जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग का दावा है कि निष्पक्ष चुनाव के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है।
नौ निगमों में भाजपा के सात मेयर, मानेसर में पहली बार चुनाव
नौ निगमों में भाजपा का सात पर कब्जा रहा है। सोनीपत में कांग्रेस के मेयर थे, जो भाजपा में शामिल होकर विधायक चुने जा चुके हैं। वहीं, अंबाला में जनचेतना के मेयर थी। वह भी भाजपा में शामिल होकर विधायक चुनी जा चुकी हैं।
भाजपा ने निगमों में झोंकी ताकत, कांग्रेस विजय रथ रोकने की तैयारी में
नगर निगम का चुनावी रण सजकर तैयार हो गया है। सभी की निगाहें नगर निगमों के मेयर पद के चुनाव पर टिकी हैं। नौ में से आठ निगमों में मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस के बीच है। वहीं, मानेसर में भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच कांटे की टक्कर है। भाजपा ने ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। निकायों में कमल खिलाने के लिए पार्टी ने कोई कसर नहीं छोड़ी। बूथ स्तर पर मजबूत संगठन होने की वजह से भाजपा फिलहाल मैदान में मजबूत स्थिति में दिख रही है। वहीं, विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस अपनी प्रतिद्वंद्वी भाजपा को मजबूत चुनौती देने की कोशिश में है। कांग्रेस भाजपा के विजय रथ को रोकने की पूरी कोशिश में जुटी हुई है। नौ निगमों में क्या समीकरण हैं, पेश है एक रिपोर्ट...
सोनीपत : भाजपा व कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला
सोनीपत में मेयर पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। मगर मुख्य मुकाबला भाजपा के राजीव जैन व कांग्रेस के कमल दिवान के बीच ही देखा जा रहा है। दोनों ही प्रत्याशी इससे पहले जनप्रतिनिधि नहीं रहे हैं, जो भी चुनाव जीतेगा, वह पहली बार जनप्रतिनिधि बनेगा। यह अलग बात है कि दोनों के ही परिजन विधायक व मंत्री पदों पर रहे हैं। राजीव जैन की पत्नी कविता जैन लगातार दो बार विधायक रही हैं और कैबिनेट मंत्री भी बनीं। वहीं, कमल दिवान के पिता देवराज दिवान भी दो बार सोनीपत के विधायक रहे हैं। हालांकि, इस उप चुनाव में जीतने वाला प्रत्याशी केवल 9 माह के लिए ही मेयर बनेगा, लेकिन यह उपचुनाव आगामी मेयर चुनाव की पटकथा लिख देगा। मेयर चुनाव में बसपा के मास्टर धर्मबीर, आम आदमी पार्टी से कमलेश सैनी व निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में रमेश खत्री भी किस्मत आजमा रहे हैं।
अंबाला : सत्ता व संगठन की वजह से भाजपा मजबूत
अंबाला नगर निगम में मेयर पद पर उपचुनाव हो रहा है। भाजपा से शैलजा संदीप सचदेवा और कांग्रेस से अमीषा चावला मैदान में हैं। भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में कई नेता चुनाव प्रचार के लिए आए। खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने उम्मीदवार के लिए अंबाला पहुंचे। वहीं, कांग्रेस की ओर से कोई भी बड़ा चेहरा प्रचार के लिए नहीं आया। दोनों ही उम्मीदवार पंजाबी हैं। ऐसे में पंजाबी वोट भी बंट सकता है। इस मुकाबले में भाजपा को कोर वोटरों का तो कांग्रेस को शहर के अधूरे विकास का सहारा है।
यमुनानगर : संगठन की वजह से भाजपा घर-घर पहुंची
नगर निगम यमुनानगर में मेयर पद इस बार अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व है। यहां भाजपा से सुमन बहमनी और कांग्रेस से किरण देवी के अलावा आजाद उम्मीदवार मधु चुनाव मैदान में हैं। प्रत्याशी भले ही तीन हों, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। सुमन बहमनी यमुनानगर की जिला शिक्षा अधिकारी रह चुकी हैं। बहमनी के पास राजनीतिक अनुभव भले न हो लेकिन उनके साथ भाजपा का मजबूत संगठन खड़ा है। कांग्रेस प्रत्याशी किरण देवी साढौरा के पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी की पत्नी हैं। सैलजा समर्थक राजपाल भूखड़ी कई साल से राजनीति में सक्रिय नहीं हैं। कांग्रेस के अन्य दावेदारों की अनदेखी करके किरण देवी को टिकट दिया गया। हुड्डा गुट भी पूरी तरह से उनके साथ नहीं दिख रहा। उनके चुनाव प्रचार में भी अभी तक कांग्रेस का कोई बड़ा नेता नहीं पहुंचा है।
करनाल: रेणू के लिए सीएम ने झोकी ताकत, कांग्रेस के लिए स्थानीय नेता मैदान में
नगर निगम करनाल के मेयर पद पर भाजपा की रेणू बाला गुप्ता का कांग्रेस के मनोज वधवा से सीधा मुकाबला है। भाजपा ने मेयर के पक्ष में जहां प्रचार के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री एवं सांसद मनोहर लाल, कैबिनेट मंत्री डॉ.अरविंद शर्मा समेत कई बड़े नेताओं को भी चुनाव मैदान में उतारा। वहीं, स्थानीय विधायक जगमोहन आनंद व जिले के अन्य विधायक भी उनके चुनाव प्रचार में जुटे रहे। उधर, कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में कोई नामी नेता नहीं दिखा। हालांकि स्थानीय नेताओं ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस प्रत्याशी पंजाबी बिरादरी से हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी रेणू बाला गुप्ता वैश्य बिरादरी हैं। पंजाबी और वैश्य दोनों शहर की बड़ी बिरादरी हैं। सत्ता पक्ष के नेताओं के साथ होने के कारण रेणू वाला का मजबूत स्थिति में हैं। भाजपा ने अपनी उपलब्धियों, कराए गए कार्यों, घोषणाओं को लेकर प्रचार किया तो कांग्रेस ने विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और अपने संकल्प पत्र के आधार पर शहर के लोगों को विकास कराने का भरोसा दिया।
फरीदाबाद : भाजपा व कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला
फरीदाबाद मेयर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच बड़ा मुकाबला है। भाजपा की ओर से जहां हरियाणा बाल कल्याण आयोग की अध्यक्ष प्रवीण बत्रा जोशी मैदान में हैं। कांग्रेस से फरीदाबाद से लोकसभा क्षेत्र में पार्टी अध्यक्ष पद पर रहे रिंकू चंदीला की पत्नी लता रानी चंदीला मैदान में हैं। प्रचार में भाजपा ने बाजी मार ली है। मुख्यमंत्री से लेकर फिल्म अभिनेता भी चुनाव प्रचार के लिए आए। इसके अलावा संगठन से मजबूत भाजपा ने बूथ-बूथ पर जाकर मेयर प्रत्याशी का प्रचार किया है। वहीं, कांग्रेस की ओर से प्रदेशाध्यक्ष उदयभान और रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने प्रचार किया है। वहीं, आप, बसपा और समाजवादी पार्टी समर्थित निर्दलीय मेयर प्रत्याशी अपने कोर वोट बैंक के जरिए कांग्रेस प्रत्याशी को बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं।
मानेसर : भाजपा व निर्दलीय के बीच मुकाबला
नगर निगम मानेसर मेयर की सीट सबसे हॉट बनी हुई है। यहां पर चार उम्मीदवार हैं। चारों यादव बिरादरी से हैं। यहां पर भाजपा उम्मीदवार सुंदर लाल यादव और निर्दलीय उम्मीदवार डाॅ. इन्द्रजीत के बीच सीधा मुकाबला है। यहां पर कांग्रेस से नीरज यादव व निर्दलीय डॉ. विजय सिंह हैं। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भाजपा के उम्मीदवार के साथ खुलकर प्रचार कर रहे हैं। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री के एक आडियो से छेड़छाड़ के बाद इसे वायरल करने के आरोप से चुनाव और रोमांचक हो उठा है। मानेसर में पहली बार चुनाव हो रहे हैं। ऐसे में भाजपा के लिए यह चुनाव साख बन गया है।
गुरुग्राम : भाजपा के लिए संगठन ने लगाया जोर
गुरुग्राम नगर निगम में मेयर पद के लिए सिर्फ दो ही उम्मीदवार हैं। इनमें भाजपा से राजरानी मल्होत्रा और कांग्रेस से सीमा पाहुजा के बीच मुकाबला है। कांग्रेस से मेयर का चुनाव लड़ रही सीमा पाहूजा 10 साल तक पार्षद रही हैं। वहीं भाजपा की उम्मीदवार राज रानी मल्होत्रा के पति भाजपा के साथ संगठन में सक्रिय रहे हैं। संगठन और सत्ता की वजह से भाजपा यहां पर मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। वहीं, स्थानीय पकड़ होने की वजह से पाहुजा को भी कमजोर नहीं आंका जा रहा।
हिसार : नगर निगम के चुनाव में इस बार मुद्दों के बजाय पार्टियां हावी
हिसार में हिसार नगर निगम में मेयर पद के लिए सात प्रत्याशी मैदान में हैं। मगर मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पोपली और कांग्रेस प्रत्याशी कृष्ण सिंगला टीटू के बीच है। भाजपा के कई मंत्री चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे। हिसार से निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल ने भी भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार में हिस्सा लिया। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी कृष्ण सिंगला टीटू के प्रचार में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बिरेंद्र सिंह और सांसद जयप्रकाश ने पूरी सक्रियता दिखाई। निगम के चुनाव में इस बार मुद्दों के बजाय पार्टियां हावी हैं।
रोहतक : कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाने की कोशिश में भाजपा
रोहतक नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस के बीच है। भाजपा जहां हुड्डा के गढ़ को भेदने की तैयारी में है, वहीं कांग्रेस अपने अभेद किले को बचाने के लिए पूरा जोर लगाया हुआ है। भाजपा उम्मीदवार रामअवतार वाल्मीकि के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दो बार रोहतक पहुंचे। मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, मंत्री कृष्णलाल पंवार, मंत्री श्रुति चौधरी, मंत्री कृष्ण बेदी, विस के उपाध्यक्ष कृष्णलाल मिड्ढा, पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने जनसभा की। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार सूरजमल किलोई के पक्ष में सांसद दीपेंद्र हुड्डा ही प्रचार में उतरे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव प्रचार से दूर रहे।