बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान पर खाप पंचायतों ने अमल शुरू कर दिया है। 18 अप्रैल को हुई चार राज्यों की खाप पंचायतों की बैठक में लिए गए फैसले के मुताबिक जाटु खाप धनाना ने जरूरतमंद लड़कियों की पढ़ाई का खर्च वहन करने की घोषणा की है। इसके लिए कोष बनाने का भी निर्णय लिया गया।
वीरवार को धनाना गांव स्थित बंगला में हुई जाटु खाप धनाना की कार्यकारिणी की मीटिंग में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ भी दिलाई। निर्णय लिया गया कि गरीब परिवारों की बेटियों की पढ़ाई का खर्चा अब खाप उठाएंगी। खापों द्वारा ऐसी गरीब कन्याओं की पढ़ाई के लिए एक खाप कोष का गठन भी किया जाएगा।
खाप कार्यकारिणी में यह भी निर्णय लिया गया कि अगर कोई कन्या भ्रूण हत्या करता पाया गया तो उसका सामाजिक बहिष्कार के साथ आर्थिक दंडित भी किया जाएगा। मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए सर्व जाटु खाप 84 के प्रधान सूबेदार राजमल ने बताया कि 24 मार्च को खापों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ मुहिम का बिगुल बजाया थाभ्।
इसको आगे बढ़ाने का कार्य अपने खाप के तहत आने वाले गांवों में करेगी। बैठक में खाप 84 की महापंचायत 5 मई को बुलाने का आह्वान किया है। 84 के हजारों लोग महिलाओं व बेटियों की उपस्थिति में कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ शपथ लेंगे।
इस अवसर पर अखिल भारतीय जाट महासभा के प्रदेशाध्यक्ष एवं खाप प्रवक्ता ओमप्रकाश मान ने जाटु खाप के प्रधान को समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने पर पगड़ी पहनाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
मीटिंग में तालू से सूबेदार ओमप्रकाश, गबदू, सूरजभान, पण्डित ओमप्रकाश, दारा सिंह, मिताथल गांव से जिला पार्षद जगदीश मिताथल, कालू, महीपाल, कमल सिंह कोच मौजूद थे।