- हरियाणा पुरुष हाकी टीम ने कर्नाटक को हराकर जीता स्वर्ण, महिला टीम ने रजत पदक जीता
बॉक्सिंग में जीते 3 स्वर्ण पदक जीते
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। गोवा में चल रहे 37वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा 53 गोल्ड, 48 सिल्वर और 60 ब्रॉन्ज मेडल के साथ इतिहास रचने की ओर है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने अब तक कुल 161 पदक जीत लिए हैं। फिलहाल पदक तालिका में हरियाणा तीसरे स्थान पर है। राष्ट्रीय खेलों का समापन नौ नवंबर को होगा।
बुधवार को पुरुष हॉकी फाइनल में हरियाणा का मुक़ाबला कर्नाटक से हुआ और हरियाणा के खिलाड़ियों ने यह मुक़ाबला 5-3 से जीत कर स्वर्ण पदक प्रदेश के नाम किया, जबकि महिला टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वही, हरियाणा कबड्डी महिला व पुरुष टीम ने रजत पदक जीता। बॉक्सिंग के मुकाबले में रिंकू, स्वीटी बूरा और मनीषा ने गोल्ड मेडल जीते। बॉक्सिंग में बुधवार हुए मुकाबले में प्रदेश को नवीन कुमार ने रजत व अभिमन्यु व शिवन ने कांस्य मेडल दिलाए। कलारीपयट्टू के मुकाबले में हरियाणा ने एक रजत और तीन कांस्य पदक जीते। इनमें आशीष ने रजत और हर्षिता यादव व सानिका की टीम ने कांस्य, प्रदीप ने सिंगल इवेंट व हर्षिता यादव ने प्रदेश को कांस्य पदक जीते। हरियाणा दल के इंचार्ज और हरियाणा ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
हैंडबॉल टीमें आज खेलेंगी फाइनल मैच
37वें नेशनल गेम्स गोवा में हरियाणा की हैंडबॉल की पुरुष एवं महिला टीमों ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है और बीच महिला हैंडबॉल टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब वीरवार को हरियाणा की पुरुषों की टीम सर्विसेज के साथ व महिला टीम हिमाचल प्रदेश के साथ स्वर्ण पदक के लिए मैच खेलेंगी, जबकि बीच महिला हैंडबॉल टीम महाराष्ट्र के साथ सेमीफाइनल मैच खेलेगी।