अगर आपका आधार नंबर अपडेट नहीं है, या एक ही परिवार के सभी सदस्यों के नाम पर राशन के लिए एक ही नंबर का इस्तेमाल किया जा रहा है तो कुछ दिनों में राशन मिलना बंद हो जाएगा।
हरियाणा में 30 जून के बाद आधार नंबर की किसी भी तरह की त्रुटि होने पर उन्हें राशन नहीं वितरित किया जाएगा। इससे बचने के लिए इन कमियों को दूर करने की अपील की गई है। हरियाणा के करीब 29.4 लाख कार्ड धारकों में से 10 लाख से अधिक ऐसे हैं, जिनके आधार नंबर का कई बार इस्तेमाल किया गया है।
प्रदेश भर में फिलहाल 29.4 लाख राशन कार्ड धारक हैं। हालांकि इनमें से करीब 10 लाख लाभार्थी ऐसे हैं, जिनके आधार नंबर का बार-बार इस्तेमाल किया गया है। विभाग के उप निदेशक एन के मित्तल ने बताया कि केंद्र सरकार के आदेश के तहत प्रदेश सरकार ने भी उन सभी कार्ड धारकों को राशन नहीं देने का फैसला लिया है, जिनके आधार नंबर अपडेट नहीं है। इससे जहां प्रदेश में पारदर्शिता बढ़ेगी तो दूसरी तरफ अब तक इस मद में हो रही करोड़ों की हेराफेरी पर भी रोक लगेगी।