फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा में भारी पड़ रही मास्क से बेरुखी, बिगड़ रहे हालात, लॉकडाउन पर नहीं हो रहा विचार

Sun, 22 Nov 2020 01:24 PM IST
निवेदिता वर्मा मोहित धुपड़, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
मास्क - फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

हरियाणा में लोगों की मास्क के प्रति बेरुखी सेहत पर भारी पड़ रही है। इसी वजह से कोरोना संक्रमण का फैलाव बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार ने अब और सख्ती करने का मन बना लिया है। प्रदेश सरकार ने पुलिस और स्थानीय नगर निकाय विभाग के आला अफसरों को निर्देश दिए हैं कि वे  बिना मास्क घूमने वाले लोगों पर सख्ती करते हुए उनका चालान कर जुर्माना वसूलें। 

विज्ञापन


हरियाणा में अभी तक कोविड नियमों का पालन न करने वाले 570721 लोगों के चालान किए जा चुके हैं और इन पर 22.90 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला जा चुका है। इसमें बिना मास्क लगाने वाले 460721 लोगों के चालान प्रदेश पुलिस ने किए हैं। 1.10 लाख चालान नगर हरियाणा शहरी निकाय विभाग ने किए हैं।

472 के खिलाफ एफआईआर, 600 गिरफ्तार भी हुए
हरियाणा में अभी तक पुलिस की ओर से कोविड नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 472 लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई और 600 लोग गिरफ्तार भी हुए हैं। आठ लोगों का चालान सोशल डिस्टेंसिंग प्रोटोकॉल का पालन न करने पर हुआ है। अत्यधिक भीड़ एकत्रित करने पर 8 लोगों व सार्वजनिक स्थान पर गुटका, पान, मसाला व तंबाकू खाकर थूकने पर 269 लोगों के चालान किए गए हैं। पिछले चौबीस घंटे के भीतर पुलिस ने अपना अभियान और तेज करते हुए प्रदेश में बिना मास्क के घूमने वाले 4329 लोगों पर 1997500 रुपये का जुर्माना ठोका है।
विज्ञापन


प्रदेश में लॉकडाउन पर अभी कोई विचार नहीं : विज
हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए जब तक वैक्सीन नहीं आती तब तक मास्क ही वैक्सीन है इसलिए हर हालात में मास्क पहनना जरूरी है। उन्होंने पूरे प्रदेश के उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और अन्य उच्च अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों और क्षेत्रों में मास्क पहनना सुनिश्चित करवाएं। कोरोना को फैलने से रोकने के लिए दो ही रास्ते है, एक रास्ता लॉकडाउन लगाने का है और दूसरा मास्क पहनने के लिए सख्ती बरतने का है। सरकार सख्ती करने के मूड में है लेकिन हम लॉकडाउन लगाकर लोगों को बेरोजगार नहीं बनाना चाहते इसलिए अभी इस दिशा में कोई विचार नहीं है। हालांकि मास्क लगाने के लिए सख्ती बरतने का पक्षधर हूं।

मास्क न लगाने पर जुर्माना 500 ही रहेगा, स्कूली बच्चों के टेस्ट घर पर होंगे : सीएम 
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में मास्क न पहनने पर जुर्माना 500 रुपये ही रहेगा। उनके अनुसार जुर्माना बढ़ाने से जागरूकता नहीं आती। प्रदेश के स्कूल भी अभी 30 नवंबर तक बंद रहेंगे। स्कूल खुलने के बाद अब बच्चों के घर पर ही टेस्ट होंगे और जिस बच्च्चे की रिपोर्ट निगेटिव आएगी, उसी बच्चे को स्कूल में बुलाया जाएगा। हमारी दिल्ली के हालात पर बराबर नजर है। अभी प्रदेश में लॉकडाउन लगाने का कोई फैसला नहीं है। 
 

कोविड नियमों का पालन न करने पर पुलिस लगातार अभियान चलाए हुए है। इस अभियान को और तेज किया जाएगा। इस मामले में पुलिस लोगों पर सख्ती करने के साथ-साथ उन्हें जागरूक भी कर रही है। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों व पुलिस उपायुक्तों को सार्वजनिक स्थानों पर कोविड नियमों का पालन सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए गए हैं। - नवदीप सिंह विर्क, एडीजीपी, हरियाणा पुलिस
---
प्रदेश में सभी नगर निकायों के अफसरों को चालान अभियान और तेज करने को कहा है। सार्वजनिक स्थानाें के साथ-साथ प्रतिष्ठानों व संस्थानों के भीतर भी कर्मचारियों व अन्य लोगों को मास्क पहनना जरूरी है। निकाय स्तर पर विशेष टीम गठित की गई हैं, जो बाजारों में चेकिंग अभियान चलाते हुए चालान भी करेंगी। - अशोक मीना, निदेशक, हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें