बरौदा उपचुनाव से पहले सरकार ने हलके की कायापलट की तैयारी कर ली है। करोड़ों की परियोजनाओं को बरौदा तक पहुंचा दिया गया है। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने शुक्रवार को दावा किया कि बरौदा हलके से इस बार भाजपा का विधायक जीत कर आएगा। उन्होंने कहा कि संयोग से सोनीपत जिले के बरौदा विधानसभा क्षेत्र में तीन कार्यकाल से कांग्रेस का विधायक रहा है, लेकिन लगता है वहां पर जानबूझ कर तत्कालीन सरकार ने विकास कार्य नहीं करवाए।
हालांकि बरौदा के विधायक के निधन के कारण वहां उपचुनाव होने जा रहा है और एक महीने से उन्होंने स्वयं उस विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया है। उन्हें जानकारी मिली कि यहां पर विकास कार्यों की काफी कमी है और इस क्षेत्र में पीने के पानी की किल्लत के साथ-साथ जलभराव की समस्या भी है। उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल ने स्वयं कड़ा संज्ञान लिया है और सबसे पहले हल्के के छिछड़ाना, बरौदा, निजामपुर, राणा खेड़ी, मबतन, सिकंदरपुर, माजरा, रामगढ़ और माहरा गांवों में छह नए वाटर वर्क्स का निर्माण कार्य करवाने की स्वीकृति प्रदान की।
जय प्रकाश दलाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बरौदा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 271.37 करोड़ रुपये की राशि भी अनुमोदित की है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में धान की 1121 किस्म की पैदावार अधिक होती है और इस किस्म की सरकारी खरीद नहीं की जाती है। इसलिए सरकार ने इसकी खरीद हैफेड के माध्यम से करवाने का फैसला लिया है।