स्कूल में शिक्षा मंत्री का औचक दौरा
- फोटो : अमर उजाला
शिक्षा मंत्री ने स्कूलों का औचक दौरा किया। इस दौरान एक अध्यापक को सस्पेंड किया गया, वहीं दो की सेवाएं समाप्त करने के आदेश हुए। मामला हरियाणा के यमुनानगर जिले का है। सरकार में कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने सोमवार को राजकीय माध्यमिक विद्यालय इब्राहिमपुर, खंड छछरौली का औचक निरीक्षण किया। स्कूल में पहुंचने पर शिक्षा मंत्री ने सर्वप्रथम स्कूल में हाजिर अध्यापकों के बारे में जानकारी ली।
जानकारी मिलने पर उन्होंने पाया कि स्कूल के अध्यापक सुरेंद्र सिंह व सरकार की री-एंप्लॉयमेंट नीति के अंतर्गत लगे शिव कुमार व रामफल स्कूल से बिना एप्लीकेशन के नदारद मिले। मामले के बारे में शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने खंड शिक्षा अधिकारी छछरौली से बात की। खंड शिक्षा अधिकारी ने भी उनके पास उपरोक्त टीचरों की छुट्टी की कोई एप्लीकेशन ना होने की बात कही। जिस पर शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अध्यापक सुरेंद्र सिंह को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।
साथ ही शिवकुमार व रामफल की सेवाएं तुरंत प्रभाव से समाप्त करने का आदेश भी जारी कर दिया। शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने बताया कि गांव वालों की शिकायत मिलने के बाद उन्होंने सरकारी विद्यालय का औचक निरीक्षण करने का निर्णय लिया। इस समय स्कूलों में बच्चों की परीक्षाएं सिर पर हैं। ऐसे में इस तरह से अध्यापकों का स्कूलों से बिना बताए गैर हाजिर रहना एक अनुचित प्रक्रिया है। यह बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने विद्यालय में जाकर कक्षाओं का भी निरीक्षण किया व कहा कि आगे भी इसी प्रकार विद्यालयों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा।