फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana News: नए प्रतिनिधियों में हुड्डा का वर्चस्व, विरोधियों को भी जगह, सुरजेवाला की बैठक से दूरी

Tue, 20 Sep 2022 09:20 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पास कर दिया है। चंडीगढ़ में मंगलवार को हुई बैठक में रणदीप सुरजेवाला और किरण चौधरी शामिल नहीं हुए। 
विज्ञापन
चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस कमेटी की बैठक। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा कांग्रेस के 195 नए प्रतिनिधियों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का वर्चस्व है। विरोधी धड़े के नेता भी अपने चहेतों को प्रतिनिधि बनाने में कामयाब रहे हैं। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने देर रात तक प्रतिनिधि बनवाए। लगभग 15 नेताओं का पत्ता सूची से कट रहा था, जिसे जुड़वाने के लिए उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की मदद ली।

विज्ञापन


मंगलवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में हुई नए प्रतिनिधियों की बैठक में सांसद रणदीप सुरजेवाला नहीं आए। विधायक किरण चौधरी मुंबई में पार्टी के चुनाव कार्यों में व्यस्त होने के कारण शामिल नहीं हो पाईं। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने बैठक में देरी से हिस्सा लिया। प्रदेश कांग्रेस चुनाव अधिकारी ताराचंद भगौरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में राहुल गांधी को फिर अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी घोषित करने का अधिकार राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपा गया। इसे लेकर दो अलग-अलग प्रस्ताव पारित किए गए। 

बैठक लगभग 35 मिनट तक चली। सांसद दीपेंद्र हुड्डा और कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी बैठक खत्म होने के बाद पहुंचे। तब तक भूपेंद्र हुड्डा और प्रदेशाध्यक्ष उदयभान कांग्रेस मुख्यालय से निकल चुके थे। सूत्रों के अनुसार हुड्डा के लगभग 90, सैलजा के 60 और सुरजेवाला, किरण, कैप्टन अजय यादव सरीखे नेताओं के 45 ही प्रतिनिधि बन पाए हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

बैठक से पहले कोई बड़ा विवाद खड़ा न हो, इसलिए 195 डेलिगेट की सूची अंतिम समय तक सार्वजनिक ही नहीं की गई। कांग्रेस मुख्यालय के अलावा दिग्गज नेताओं ने अपने-अपने गुट के प्रतिनिधियों को बैठक में आने के लिए अलग-अलग फोन किए थे। बैठक शांतिपूर्ण संपन्न हो गई।

बैठक में ये प्रस्ताव पारित
प्रदेश अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य, प्रदेश चुनाव समिति व राज्य से एआईसीसी सदस्य नामित करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष को सर्वसम्मति से अधिकृत करने का प्रस्ताव पेश किया गया। वरिष्ठ नेताओं के अनुमोदन करने पर सभी प्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया।

बैठक से पीआरओ भगोरा और एपीआरओ के जाने के बाद उदयभान ने राहुल गांधी को फिर से अध्यक्ष बनाने से संबंधित प्रस्ताव बैठक में रखा। भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया। प्रस्ताव में कहा गया कि राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जाए। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राहुल गांधी से निवेदन करते हैं कि वह सभी की भावनाओं का ध्यान रखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र भरें। सभी पार्टी प्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव को पारित किया। प्रतिनिधियों से पूछा गया कि क्या कोई दोनों प्रस्तावों के विरोध में है तो किसी ने हाथ नहीं उठाया।

भारत जोड़ो यात्रा को सराहा
बैठक में राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा की सराहना की गई। साथ ही हरियाणा आने पर नेताओं ने यात्रा में ऐतिहासिक भागीदारी का आश्वासन दिया। भूपेंद्र हुड्डा ने सभी नेताओं व प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि राहुल गांधी की यात्रा हरियाणा आने पर जोरदार स्वागत किया जाए। अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करें।

जिलाध्यक्षों में होगी एडजस्टमेंट
पांच से छह जिलाध्यक्षों के नाम पर पेच फंस रहा है। सूत्रों के अनुसार उसे सुलझाने के लिए बीच का रास्ता निकाल लिया गया है। वरिष्ठ नेता आपस में बातचीत कर जिलाध्यक्षों के नामों पर सहमति बनाएंगे। जिस जिले में वहां के बड़े नेता का दबदबा वहां उसी की पसंद का जिलाध्यक्ष बनाने पर फिलहाल बड़े दिग्गज एकमत हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें