हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद भी कांग्रेस में गुटबाजी हावी है। मामला सोनिया दरबार पहुंच गया है। पार्टी अब तक विधानसभा में विधायक दल के नेता का चयन नहीं कर पा रही है। इसके अलावा पार्टी ने चुनाव में करारी हार के बावजूद समीक्षा बैठक भी नहीं बुलाई है।
पार्टी के शीर्ष नेताओं को डर है कि अगर स्थानीय स्तर पर विधायक दल के नेता का निर्णय लिया गया और समीक्षा बैठक बुलाई गई तो गुटबाजी और बढ़ जाएगी। गुटबाजी से बचने के लिए कांग्रेस पार्टी ने विधायक दल का नेता तय करने का निर्णय हाईकमान पर छोड़ दिया है। लेकिन हाईकमान भी गुटबाजी के कारण जल्द निर्णय नहीं ले पा रहा है।
सोमवार को विधानसभा सत्र के बाद हरियाणा कांग्रेस के विधायकों की बैठक पार्टी प्रभारी शकील अहमद के साथ हुई लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। बैठक की रिपोर्ट शकील अहमद ने सोनिया गांधी को सौंप दी है।
हार का ठीकरा फूटने के डर से नहीं बुला रहे बैठक
नतीजों की समीक्षा बैठक कांग्रेस पार्टी इसलिए भी जल्द नहीं बुला रही है क्योंकि इस बैठक में नेता जमकर एक दूसरे पर हार के लिए आरोप लगाएंगे। गौरतलब है कि मतदान के एक दिन बाद ही कैप्टन अजय यादव ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर निशाना साधा था।
राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में कांग्रेस की करारी हार के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जिम्मेवार ठहराया था। पार्टी के कद्दावर नेता पार्टी प्रभारी को एक दूसरे की शिकायत लगा चुके है। ऐसे में गुटबाजी हावी रहने से कांग्रेस के लिए भविष्य में भाजपा और इनेलो की ओर से लगाए गए आरोपों से मुकाबला करना मुश्किल हो जाएगा।
विधायकों ने सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता तय करने का अधिकार पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंप दिया है। इसकी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंप दी गई है। जल्द ही दल के नेता के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। समीक्षा बैठक भी जल्द बुलाई जाएगी।
शकील अहमद, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी
विधायक दल के लिए इनके नामों की चर्चा
विधायक दल के लिए गीता भुक्कल, रणदीप सुरजेवाला, किरण चौधरी, रघुवीर कादियान और पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा के नाम पर चर्चा चल रही है। विधायक दल के नेता का नाम तय होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष के लिए भी खींचातानी शुरू हो जाएगी।
हुड्डा ने किया इंकार
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधायक दल का नेता और कांग्रेस अध्यक्ष बनने से साफ इंकार कर दिया है। उन्होंने पार्टी प्रभारी को भी इस निर्णय से अवगत करा दिया है।