सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हरियाणा जनहित कांग्रेस के नेता कुलदीप बिश्नोई ने कहा है कि जाट आरक्षण के मामले में उनकी पार्टी को किसी भी तरह के जातिगत आरक्षण का समर्थन नहीं करेगी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आरक्षण का आधार आर्थिक स्तर होना चाहिए लेकिन सर्वदलीय बैठक में प्रदेश सरकार पहले से ही दबाव में दिखाई दी। इसी दबाव में सरकार जाटों को एसबीसी में आरक्षण देने पर आमादा है, लेकिन हजकां की मांग है कि आरक्षण आर्थिक आधार पर दिया जाए, जिसमें गरीब जाट, गरीब ब्राह्मण, गरीब पंजाबी, गरीब राजपूत भी शामिल किए जाएं। उन्होंने कहा कि जाटों को जातीय आधार पर आरक्षण देकर भाजपा सरकार गरीबों से अन्याय करना चाहती है, हजकां इसका सदन में भी विरोध करेगी।
एसवाईएल के मुद्दे पर पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि इस मुद्दे पर हजकां सरकार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से एसवाईएल के लिए अधिग्रहीत भूमि को डी-नोटिफाई करने का फैसला पूरी तरह गैरकानूनी है और हजकां इसका पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को अपने हिस्से का पानी मिलना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश, केंद्र और पंजाब में भाजपा ही सत्ता में है और एसवाईएल का मुद्दा सुलझाने का इससे बढ़िया मौका नहीं मिल सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा अब इस मुद्दे को सुलझा सकती है।
प्रो. वीरेंद्र को हुड्डा ने ही छुपाया है : बिश्नोई
सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस की अनुपस्थिति के बारे में जब कुलदीप बिश्नोई से पूछा गया तो वह बोले, भूपेंद्र सिंह हुड्डा नहीं आए। मुझे उनसे पूछना था कि वीरेंद्र सिंह सो कहां छिपा रखा है। बिश्नोई ने कहा कि वह दावे के साथ कह सकते हैं कि वीरेंद्र सिंह को हुड्डा ने ही छुपा रखा है क्योंकि वे जानते हैं कि अगर वीरेंद्र सिंह पकड़े गए तो हुड्डा भी सलाखों के पीछे होंगे।