भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र देते हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ऊपर नहीं, अब नीचे देखना आरंभ करें, क्योंकि ज्यादा ऊपर देखने वालों को कई बार ऊपर वाले नहीं देखते और नीचे वाले भी उन्हें देखना बंद कर देते हैं।
विज्ञापन
नड्डा सोमवार देर सायं पिपली रोड पर स्थित एक पैलेस में कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत जिले के पन्ना प्रमुखों, शक्ति केंद्र प्रमुखों, मंडल प्रमुखों, जिलाध्यक्षों, विधायकों और मंत्रियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने तेज गति के साथ विकास किया और इस दौरान भाजपा पूरे विश्व की सबसे मजबूत संगठन बन गई।
इन तमाम विषयों को लेकर अब विदेशी लोग भी शोध करने लगे हैं। नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आज उनके बलबूते पर ही देश और प्रदेश में भाजपा को मजबूती मिली, जिसके कारण देश व प्रदेश प्रगति की राह पर बहुत तेज गति से आगे बढ़ा है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि किसी ने सोचा भी नहीं था कि भाजपा कार्यकर्ताओं का परिवार 11 से 17 करोड़ पर पहुंच जाएगा और विश्व का सबसे मजबूत संगठन बनेगा। इसलिए कार्यकर्ताओं को अपने संगठन और दल की ताकत को समझना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार ने दलित, पीड़ित, वंचित और अंतिम व्यक्ति को जेहन में रखकर योजनाएं तैयार की और उनका लाभ भी पहुंचाने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने अनुशासन सिखाने का काम किया। प्रधानमंत्री ने कश्मीर से 370 और 35ए को खत्म समाप्त करने का काम किया, इससे कश्मीर में दलितों, महिलाओं को न्याय मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आज किसी पार्टी के पास न तो नीति है, न नेता है और न ही नीयत है, लेकिन भाजपा पूरी नीयत, नेता और नीति और कार्यक्रम के अनुसार ताकत के साथ काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा 5 सालों में प्रदेश में करवाए गए विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन्होंने प्रदेश को कैरोसिन फ्री करने के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया।
इसलिए आने वाले विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं को मेहनत और ईमानदारी के साथ दोबारा मनोहर सरकार बनानी है। अपने बूथों को मजबूत करना है। जब प्रदेश में कार्यकर्ता मजबूत होंगे तो हरियाणा भी मजबूत होगा।
सभी मिलकर काम करेंगे तो हमारा लक्ष्य पूरा होगा : सीएम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश में किसी भी समय चुनावों की घोषणा की जा सकती है। इसलिए बूथ से लेकर पन्ना प्रमुख, शक्ति प्रमुख, मंडल प्रमुख, जिलाध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारणी अपनी-अपनी भूमिका को ईमानदारी के साथ निभाने का काम करे। कार्यकर्ताओं को लोगों से वोट डालने की अपील करनी है, जब सभी मिलकर काम करेंगे तो हमारा 75 का लक्ष्य पूरा होगा और प्लस करने का कार्य प्रदेश की जनता करेगी।
इधर धर्मक्षेत्र में सीएम का पश्चाताप, वायरल वीडियो पर बोले- यह अच्छी बात नहीं थी...
कुरुक्षेत्र में बैठक के दौरान सीएम ने वायरल हुए उस वीडियो का भी जिक्र किया, जिसमें चांदी का मुकुट मिलने से खफा होकर उन्होंने एक ब्राह्मण नेता पर कुपित हुए थे। इस घटना पर पहली बार धर्मक्षेत्र में सीएम ने पश्चाताप किया। उन्होंने कहा कि जो हुआ उसके बाद उन्हें काफी पश्चाताप हुआ, क्योंकि यह अच्छी बात नहीं थी। हमारे उस कार्यकर्ता ने भी महसूस किया कि उसने भी गलती की थी। सीएम बोले, हमारी भूमिका राजा महाराजा की नहीं, बल्कि एक सेवक की है। सोने चांदी के मुकुट को स्वीकार करना उनकी परंपरा नहीं है।
यात्रा के दौरान 30 लाख से ज्यादा जनता ने दिया आशीर्वाद: सीएम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में किसी भी समय चुनावों की घोषणा की जा सकती है। इसलिए बूथ से लेकर पन्ना प्रमुख, शक्ति प्रमुख, मंडल प्रमुख, जिलाध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी अपनी-अपनी भूमिका को ईमानदारी के साथ निभाने का काम करें। इस राष्ट्रीय संगठन के आदेशानुसार ही उन्होंने स्वयं प्रदेश के 90 विधानसभा क्षेत्रों में 15 दिनों के अंदर योजना अनुसार जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान प्रदेश की 30 लाख की ज्यादा जनता से आशीर्वाद लेने का काम किया।
इस यात्रा के दौरान 1200 जगहों पर कार्यक्रमों का आयोजन हुआ और 300 स्थानों पर लोगों के साथ सीधी बात करने का अवसर मिला। इस दौरान 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने दिन-रात यात्रा के साथ जुड़कर काम किया। लोगों के चेहरों की चमक से साफ नजर आ रहा है कि भाजपा फिर से दोबारा सरकार बनाएगी और लोगों की सेवा करेगी। उन्होंने कहा कि अब कुछ दिन ही शेष बचे है, इस थोड़े समय में भाजपा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों से वोट डालने की अपील करनी है, जब सभी मिलकर काम करेंगे तो हमारा 75 का लक्ष्य पूरा होगा और प्लस करने का कार्य प्रदेश की जनता करेगी।
बराला ने दिया चुनाव-2019 में मजबूती से काम करने का संदेश
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कार्यकर्ताओं को विधानसभा आम चुनाव 2019 में मजबूती के साथ काम करने के लिए संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और तपस्या से जन आशीर्वाद यात्रा और रोहतक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विजय संकल्प रैली को जबरदस्त सफलता मिली, आज कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और आत्मविश्वास है और इस उत्साह से 75 प्लस का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।