आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सूबे में बढ़ती भाजपा की सक्रियता को देखते हुए हरियाणा के कांग्रेसी मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी गंभीर होते जा रहे हैं। सीएम मानते हैं कि इस बार चुनावी दंगल में कांग्रेस की टक्कर इनेलो से नहीं बल्कि भाजपा से रहेगी। उनके अनुसार इनेलो पहले से ही भ्रष्टाचार से घिरकर अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है।
इसलिए इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का मुकाबला नए खिलाड़ी के रूप में उतरी भाजपा से होगा। इस नए खिलाड़ी से चुनावी दंगल में दो-दो हाथ कैसे करने हैं? और कैसे इस खिलाड़ी को पछाड़कर हरियाणा में कांग्रेस सरकार की हैट्रिक जमानी है? इस संबंध में सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है।
उन्होंने अपनी इस रणनीति को सोमवार शाम अंबाला में कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्त्ताओं और स्थानीय नेताओं के साथ सांझा किया। अब उनका उद्देश्य चुनाव से पहले इस रणनीति को हर जिले के सक्रिय कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं से रूबरू करवाना है। इस रणनीति में टारगेट पर तो होंगे पीएम नरेंद्र मोदी, और निगाहें रहेंगी कांग्रेस की तीसरी बार जीत पर।
सीएम ने किया अपनी रणनीति का खुलासा
सीएम ने अपनी रणनीति का खुलासा करते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों में हरियाणा के नतीजे ऐसे नहीं आए, जैसी उम्मीद थी। सीएम का मानना है कि इसके पीछे बढ़ा कारण यह रहा कि भाजपा ने एक व्यक्ति विशेष को ही प्रोजेक्ट करके लोगों के दिलोदिमाग पर यह बात बिठाने की कोशिश की कि नरेंद्र मोदी के हाथ में जादू की छड़ी है और पीएम बनते ही वो देश की काया पलट देंगे।
सीएम हुड्डा अब हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले सूबे के लोगों के दिलोदिमाग से मोदी का जादू तोड़ना चाहते हैं। इसलिए इन विधान चुनावों के दौरान होने वाली सीएम व अन्य कांग्रेसी दिग्गजों की तमाम रैलियों और जनसभाओं में नरेंद्र मोदी ही मुख्य टारगेट पर रहेंगे।
सीएम और कांग्रेस दिग्गज अपनी रैलियों में जनता के सामने मोदी सरकार के तीन माह के कार्यकाल को जनता के समक्ष रखेंगे और उन्हे बताएंगें कि मोदी सरकार आने के बाद देश में डीजल, रेल किराए, महंगाई, चीनी व रसोई गैस की वर्तमान स्थिति क्या हो गई है? उसके बाद जनता के समक्ष हरियाणा और गुजरात मॉडल की तुलनात्मक स्थिति भी परचों के जरिए रखी जाएगी।
जिसमें हरियाणा और गुजरात में हर वर्ग की सुविधाओं की तुलना की होगी। इसके जरिए जनता के दिमाग में ये बात बिठाने की पूरी कोशिश की जाएगी कि गुजरात के बनीस्पत हरियाणा मॉडल काफी आगे हैं।
बुकलेट करेगी उपलब्धियों का गुणगान
सीएम बहुत जल्द चुनावों से पहले एक ऐसी बुकलेट छपवाकर उसे कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं व स्थानीय तक पहुंचाने वाले हैं, जो सरकार के दस सालों की उपलब्धियों का गुणगान करेगी। चुनाव प्रचार के दौरान सभी कार्यकर्त्ता इस बुकलेट को हर घर तक पहुंचाएंगें। इस बुकलेट में इस बात का उल्लेख किया जाएगा कि आखिरकार देश में हरियाणा नंबर वन कैसे है?
इस बुकलेट में विभिन्न बातों व सुविधाओं की तुलना देश के अन्य राज्यों से की जाएगी। सीएम का मानना है कि यदि इस बुकलेट में मौजूद उपलब्धियों की समीक्षा जनता ने शिद्दत के साथ कर ली तो यही बुकलेट प्रतिद्वंदियों के खिलाफ कांग्रेस का हैवी पंच साबित होगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने जिस तरह मोदी की हवा बनाकर देश की जनता को गुमराह किया था, उस तरह भाजपा हरियाणा की जनता को भी मोदी की हवा में बहाना चाहती है। लेकिन हरियाणा की जनता बहुत सयानी है। इसलिए हरियाणा की जनता पर मोदी का कोई असर होने वाला नहीं है और जनता ही कांग्रेस सरकार की प्रदेश में हैट्रिक लगवाने वाली है।