पड़ोसी देश नेपाल में आए भीषण भूकंप से हुई जान-माल की भारी हानि को देख हरियाणा-पंजाब ने मदद को आग बढ़ाए हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्र सरकार के जरिए हरियाणा से नेपाल में प्रभावितों को हरसंभव मदद का विश्वास दिलाया है। शनिवार को सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार नेपालवासियों के साथ है। उनकी सरकार की ओर से हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से रविवार को विमान के जरिये नेपाल के आपदा पीड़ितों के लिए खाद्य सामग्री के 20 हजार पैकेट भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि सामाजिक संगठनों की मदद से इन पैकेटों की व्यवस्था करने का काम फरीदाबाद और पानीपत के उपायुक्तों को सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि प्रदेश सरकार नेपाल में मदद पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार को भी पूरा सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार की ओर से कहा गया तो भूकंप पीड़ितों के लिए हरियाणा से कंबल उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी की जाएगी।