रोडवेज की बसों में सफर को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार नया कदम उठाने जा रही है। लूटपाट और छेड़खानी को देखते हुए बसों में अब निगरानी रखी जाएगी। अब रोडवेज बसों में होने वाली हरेक गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद होगी। सीसीटीवी कैमरे लगाने की जिम्मेदारी दिल्ली की एक कंपनी को सौंपी गई है। 124 बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जिला मुख्यालय से भी प्रपोजल भेजा हुआ है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू हो जाएगा।
रोडवेज बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजनाएं काफी लंबे समय से चल रही है। सरकार ने इस कार्य को चरणबद्ध तरीके से करने की प्लानिंग बनाई है। प्रथम चरण में गुरुग्राम, फरीदाबाद की रोडवेज बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इसके बाद पानीपत व सोनीपत जिले की बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। अब शेष बचे सभी जिलों की बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मंजूरी दी गई है। भिवानी रोडवेज डिपो से बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने बाबत प्रपोजल मांगा गया।
इसके बाद भिवानी मुख्यालय से सभी 124 बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रपोजल भेजा गया है। अब देखना यह है कि कितनी बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मंजूरी मिलती है। एक बस में सीसीटीवी कैमरा लगाने पर 30 से 40 हजार तक खर्च आने का अनुमान है। ऐसे में यदि सभी बसों में कैमरे लगते हैं तो 40 लाख तक का बजट खर्च हो सकता है।
आगे व पीछे दो जगह लगेंगे कैमरे, एक महीने की रहेगी रिकार्डिंग
बस में होने वाली घटनाएं सीसीटीवी कैमरे में होंगी कैद
रोडवेज बसों में आगे व पीछे दो जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ताकि प्रत्येक यात्री की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। प्रत्येक बस में ऑटोमेटिक डिवाइस लगाई जाएगी, जो एक महीने तक की रिकार्डिंग सुरक्षित रखेगी। एक महीने पुरानी रिकार्डिंग अपने-आप डिलीट होती जाएगी।
वाइब्रेटर सिस्टम से नहीं हिलेंगे कैमरे
बसों में सीसीटीवी कैमरे हिले नहीं और साफ-साफ वीडियो सामने आए, इसके लिए वाइब्रेटर सिस्टम लगाया जाएगा। एक बस में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर 30 से 40 हजार रुपये तक का खर्च आने का अनुमान है।
कैमरे सीधे मुख्यालय से जुड़ें होंगे
सीसीटीवी कैमरों में रिकार्डिंग हो रही है या नहीं। कैमरे चल रहे है या नहीं। इस बात की ऑब्जर्वेशन के लिए डिवाइस के साथ सिम लगाया जाएगा। जो सीधे जिला मुख्यालय से जुड़ा होगा। इसके तहत कैमरों में खराबी आते ही मुख्यालय पर मैसेज आएगा।
रोडवेज बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की कार्रवाई मुख्यालय स्तर पर ही चल रही है। जिला मुख्यालय से सभी बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रपोजल भेजा गया है। अब कितनी बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मंजूरी मिलती है यह उच्च अधिकारियों से ही पता लगेगा।
अश्विनी डोगरा, महाप्रबंधक, भिवानी रोडवेज डिपो