हरियाणा सरकार उन पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई करेगी जो ऑपरेशन दुर्गा के नाम पर आम युवाओं को परेशान करते पाए गए। सरकार की तरफ से कहा गया है कि ऑपरेशन दुर्गा के तहत बेवजह तंग करने वाले पुलिस अधिकारी नप जाएंगे।
गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रामनिवास ने यहां पत्रकारों से बातचीत में ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग के हरसमय पोर्टल पर आवेदन आने के बाद संबंधित पुलिस अधीक्षक और उपायुक्त को एक सप्ताह के भीतर जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी। गुरुग्राम जेल में जैमर लगाने के लिए दस करोड़ रुपये की परियोजना का प्रस्ताव भेजा गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस आवास निगम की समीक्षा बैठक होगी, इसमें पुलिस मित्र कक्ष स्थापित करने पर चर्चा की जाएगी।
विज्ञापन
योजना के अनुसार 300 से अधिक पुलिस थानों में मित्र कक्ष स्थापित किए जाएंगे। कक्षों में आउटसोर्सिंग नीति के लिए शिक्षित लोगों को लगाया जाएगा। मित्र कक्षों में पैरा लीगल स्वयंसेवक भी मौजूद होंगे। पुलिस में नई प्रस्तावित भर्तियां नए नियमों के आधार पर की जाएंगी।
यह नियम बहुत पारदर्शी हैं। ऑपरेशन दुर्गा के तहत युवाओं को बेवजह तंग करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऑपरेशन की एक सप्ताह के बाद समीक्षा की जाएगी और यदि यह प्रभावी रूप से सफल रहा तो उसे जारी रखेंगे।