हंसराज क्रिकेट अकादमी पंचकूला ने अक्कय क्रिकेट अकादमी पिंजौर को 193 रन के बड़े अंतर से हराया। पन्ना लाल मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के इस मुकाबले में प्रथम महाजन ने शानदार दोहरा शतक लगाया। इस खिलाड़ी ने 88 गेंदों पर 18 छक्कों और 20 चौकों की मदद से 217 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए हंसराज क्रिकेट अकादमी पंचकूला ने 40 ओवर में 9 विकेट खोकर 487 विशाल स्कोर बनाया। प्रथम महाजन ने 217 रन, युवराज सिंह ने 80, हार्दिक मोंगा ने 38, अमेय ने 27 जबकि शिवम नागरथ ने 25 रन बनाए। गेंदबाजी करते हुए अक्कय क्रिकेट अकादमी पिंजौर के गेंदबाजों जुबेर अहमद, आदिल राणा और आयुष यादव ने 2-2 विकेट, कार्तिक चौधरी और गौतम दोनों को 1-1 विकेट मिला।
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए अक्कय क्रिकेट अकादमी ने 40 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 294 रन बनाए और मुकाबला 197 रन से हार गए। गौतम ने सर्वाधिक 95 रन, आयुष यादव ने 75, भावेश यादव ने 34 बनाए, जबकि आर्यन वर्ना ने 25 रन बनाए। गेंदबाजी में शिवम और हार्दिक मोंगा दोनों को 2-2 विकेट चटकाए।