अमर उजाला ब्यूरोचंडीगढ़। पिछले साल की तरह इस बार भी हैफेड धान की व्याववसायिक खरीद करेगा। एजेंसी द्वारा इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले साल खरीदे गए बासमती धान में से अब तक हैफेड एक हजार करोड़ से अधिक कीमत के चावल का निर्यात कर चुका है। हैफेड को सऊदी अरब में चावल के अच्छे खरीदार मिले हैं। इसी कारण इस बार भी सरकारी खरीद के साथ-साथ व्याववसायिक खरीद भी की जाएगी। पिछले साल हैफेड ने बासमती ग्रुप में कीमतें कम होने पर मुख्यमंत्री के आदेश पर बासमती ग्रुप धान की व्याववसायिक खरीद शुरू की थी। 4700 रुपये प्रति क्विंटल से लेकर 5800 रुपये प्रति क्विंटटल तक बासमती ग्रुप के धान की खरीद की थी। इससे पहले हैफेड केवल पीआर ग्रुप के धान की एमएसपी पर ही खरीद करता था। व्याववसायिक खरीद में एमएसपी की बजाए मार्केट रेट पर खरीद की जाती है।