मेयर हरप्रीत कौर बबला ने बताया कि सामुदायिक केंद्रों के लिए नई नीति बनाने का एजेंडा आने वाला है। इसको लेकर सदन में विस्तार से बात होगी। दरअसल पिछली दो बार से सामुदायिक केंद्र का किराया बढ़ाने के एजेंडे को पास न कर अगली सदन की बैठक के लिए टाल दिया जाता है। ऐसे में इस बार नीति के सवाल पर अधिकारी चर्चा करना चाहते हैं। इसके अलावा छतों पर सोलर प्लांट लगाने का प्रस्ताव भी आ सकता है। नगर निगम की इमारतों पर रेंट-ए-रूफ मॉडल के तहत सोलर पैनल लगाने के लिए ड्राफ्ट एमओयू व प्रोजेक्ट डिटेल्स साझा की जाएंगी। इसके अलावा सेक्टर-16 स्थित रोज क्लब के संचालन और रखरखाव के लिए एजेंसी के चयन का प्रस्ताव रखा जाएगा। यह कार्य पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर 10 वर्षों के लिए किया जाएगा जिसमें 2 वर्ष का विस्तार संभव होगा। बताया जा रहा है कि आय बढ़ाने और लोगों की सुविधा के लिए नगर निगम कम्युनिटी सेंटरों में जिम और फिटनेस सेंटरों के संचालन के लिए एजेंसी नियुक्त करने का प्रस्ताव रखेगा।