पंचकूला। नगर निगम में प्रॉपर्टी आईडी और टैक्स लेकर लोगों को तंग करने वाले अधिकारियों पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कड़ा संज्ञान लिया है। विधानसभा सचिवालय में मंगलवार को आयोजित जिला प्रशासन और निगम अधिकारियों की बैठक में पार्षदों ने कई गंभीर आरोप लगाए, जिन पर विस अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसके साथ ही शहर के सौंदर्यीकरण के लिए हॉर्टिकल्चर विंग के कर्मचारियों को बड़े स्तर पर ट्रेनिंग दिलवाने की योजना बना ली है। इसके लिए देश के तीन बड़े संस्थानों से संपर्क किया जा रहा है। इस दौरान मेयर कुलभूषण गोयल, नगर निगम आयुक्त वीरेंद्र लाठर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने पिछली बैठकों का हवाला देते हुए कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण के कार्य में तेजी लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हैजिज की कटिंग साइडों से सीधी और तरीके से होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने निगम की हॉर्टिकल्चर विंग के कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर भी जोर दिया। इस पर निगम अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने ट्रेनिंग की पूरी योजना बना ली है और इसके लिए देश के तीन बड़े संस्थानों से संपर्क किया गया है। विस अध्यक्ष ने हरियाणा के ही किसी संस्थान से प्रशिक्षण दिलाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि रोड की साइड्स पर जो खाली जगह है वहां पर भी आपको कुछ पौधे या फूलों के पौधे लगाने चाहिए। जो जमीन दिख रही है उस पर या तो फैंसी घास लगानी चाहिए या फिर वहां पर इन्टरलॉकिंग टाइल्स लगाई जानी चाहिए। सौंदर्यीकरण को लेकर बैठक में जानकारी दी गई कि सेक्टर-3 से 21 तक की सड़क के लिए 41.82 लाख रुपये का टेंडर हो चुका है।
गायब ग्रिल का पता लगाया जाए
शहर की मुख्य सड़कों के रखरखाव और यहां लगी ग्रिल के गायब होने पर कड़ा संज्ञान लिया है। विस अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम की ऐसी सभी संपत्तियों पर निगम का लोगो अंकित करें ताकि गायब होने पर इनका पता लगाया जा सके। शहर में नई और पुरानी प्रॉपर्टी आईडी के कारण स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी का भी तुरंत हल निकालने के निर्देश दिए गए। विस अध्यक्ष ने कहा कि इस कार्य को गंभीरता से लें व डोर टू डोर जाकर चेक करें। उन्होंने कहा कि यह कार्य संबंधित नगर निगम पार्षदों की देखरेख में होना चाहिए।
रसीदें होने के बावजूद मकान को नक्शे में नहीं दिखाया जा रहा
वार्ड नंबर-8 के पार्षद हरेंद्र मलिक ने अभयपुर गांव में प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर पेचिदगी भरा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि एक मकान की प्रापर्टी टैक्स की सभी रसीदें होने के बावजूद मकान को नक्शे में नहीं दिखाया जा रहा। उन्होंने जब स्वयं प्रापर्टी को नक्शे में ढूंढ़ा तो अधिकारियों ने आईडी बनाने में अनेक बाधाएं खड़ी कीं। यहां तक कि ऑनलाइन आवेदन भी रद्द कर दिया गया। इस पर उन्होंने बिल्डिंग इंस्पेक्टर राम अवतार पर गंभीर आरोप लगाए। मलिक ने मनमाने ढंग से प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाने का मसला भी बैठक में उठाया। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का प्रोपर्टी टैक्स 18 हजार से बढ़ाकर 62 हजार रुपये कर दिया गया। इस पर विस अध्यक्ष ने उच्च अधिकारियों से आरोपी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एमडीसी सेक्टर-5 हुई गलत ऑनरशिप का मुद्दा उठा
वार्ड एक के पार्षद नरेन्द्र लुबाना ने सकेतड़ी की मानव कॉलोनी में हुए अवैध कब्जों और एचएसवीपी की जमीन को पावर ऑफ अटार्नी करवाकर बेचने का मसला उठाया। पार्षद सुरेश कुमार वर्मा ने एमडीसी सेक्टर 5 हुई गलत ऑनरशिप का मामला उठाया। विधान सभा अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि 165 कामर्शियल साइट्स है। अभी तक इनका प्रापॅर्टी टैक्स बकाया है। इसे जल्द वसूला जाए।