डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ सकती हैं। इस बार मामला हिंदुओं के भगवान विष्णु की वेशभूषा धारण किए उनके स्वरूप को लेकर पैदा हुआ है। इस संबंध में आल इंडिया हिंदू फेडरेशन के सदस्यों ने जीरकपुर पुलिस स्टेशन में शनिवार को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
आल इंडिया हिंदू फेडरेशन के उत्तर क्षेत्र के प्रधान निशांत शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि डेरा प्रमुख ने भगवान विष्णु की वेशभूषा धारण करके एक वीडियो बनाया है।
उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह उन्हें वाट्स एप पर यह वीडियो रिसीव हुआ। इस वीडियो को लेकर ढकोली स्थित पंचानंद गिरी महाराज जी से संपर्क किया गया। उनके आदेश के बाद फेडरेशन के सदस्यों की आपात बैठक बुलाई गई।