चंडीगढ़। टीम नंबर- 20, 143, 169ए और 53 ने गली क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाईनल में जगह बना ली है। यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) और चंडीगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित किए इस टूर्नामेंट में शुक्रवार को सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में क्वार्टर फाइनल के मुकाबले हुए। दिन के पहले मैच में टीम नंबर 169ए ने आदित्य कौशिक (100) की शतकीय पारी के चलते 166/2 बनाए। इसके जवाब में टीम नं 190, 9 विकेट पर 92 रन ही जुटा सकी।
टीम नंबर 20 ने 51 रन से जीता मैच
दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में टीम नंबर 20 ने टीम नंबर- 2 पर 51 रन से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम नंबर 20 ने 129/5 बनाए। इसमें सर्वाधिक स्कोर रुद्र प्रताप सिंह (64) का रहा। जवाब में विपक्षी टीम 7 विकेट पर 78 रन ही जुटा पाई।
13 रन से जीता टीम नंबर-143
तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में टीम नंबर 143 ने टीम नंबर-109 पर 13 रनों की रोमांचक जीत दर्ज की । टीम नंबर 143 ने 126 रन बनाए।आदित्य गौंसाई ने 31 गेंदों पर 82 रन की पारी खेली। जवाब में टीम नं 109 तीन विकेट के नुकसान पर 113 रन ही जुटा पाई।
टीम नंबर-53 की 9 रन से रोमांचक जीत
अंतिम क्वार्टर फाइनल में भी टीम नं 53 ने टीम नं 98 पर 9 रनों की रोमांचक जीत दर्ज की। टीम नं 53 ने 137/5 रन बनाए। इसके जवाब में टीम नंबर 90 आठ विकेट के नुकसान पर 128 रन ही बना पाई।
आईसीएआई ने जीता प्रदर्शनी मैच
शाम को एक प्रदर्शनी मुकाबला सेक्टर- 16 क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इसमें इंडियन रेवन्यू सर्विसिस (आईआरएस) एकादश को आईसीएआई (चार्टेड एकाउंटेंट्स एकादश से 11 रनों की हार मिली। टाॅस जीतकर आईसीएआई एकादश ने राजन अग्निहोत्री 23 और सीए संदीप सिंह 21 के योगदान से निर्धारित दस ओवर्स में छह विकेट के नुकसान पर 84 रन बनाए। जवाब में आईआरएस एकादश एक विकेट के नुकसान पर 71 रन ही जुटा पाई। टीम की ओर से अंकित रावत ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। इस अवसर पर पीजीआई के निदेशक डॉ. विवेक लाल और पीसीए के सचिव दिलशेर खन्ना मुख्य अतिथि थे।
आज चंडीगढ़ पुलिस एकादश और नगर निगम एकादश आमने-सामने
शनिवार को इसी मैदान पर चंडीगढ़ पुलिस एकादश और नगर निगम एकादश के बीच प्रदर्शनी मैच खेला जाएगा।