21 और 22 अक्टूबर को हुई ग्रुप डी की परीक्षा, सीएम ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। 21 और 22 अक्टूबर को हुई ग्रुप डी की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाले कर्मचारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री ने तीन कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया और तीन को चार्जशीट किया है। इन कर्मचारियों के खिलाफ भी रिपोर्ट आने के बाद बर्खास्तगी की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिन कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया है, उनमें खजाना कार्यालय हिसार में तैनात चपरासी देवी पारसन, कुरुक्षेत्र में तैनात महिला सिपाही कविता देवी और सब इंस्पेक्टर अमरलता शामिल हैं। देवी पार्सन की बर्खास्तगी का आदेश हिसार में कोषाध्यक्ष अधिकारी द्वारा जारी किया है, जबकि दोनों पुलिस कर्मचारियों के आदेश कुरुक्षेत्र पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह और भिवानी में वरुण सिंगला ने बर्खास्तगी आदेश जारी किए हैं। इनके अलावा, दूसरे के स्थानों पर परीक्षा देने वाली तीन अन्य आरोपी कर्मचारी हिसार के पीडब्ल्यूडी विभाग में तैनात क्लर्क सुनील कुमार, हिसार के भूमि अधिग्रहण कार्यालय में क्लर्क आशीष और पंचकूला के तहसील कार्यालय में तैनात क्लर्क विकास को हरियाणा सिविल सेवा (दंड और अपील) नियम, 2016के नियम 7 के तहत आरोप पत्र जारी किया गया है। निकट भविष्य में इन अधिकारियों के खिलाफ विस्तृत जांच के बाद अंतिम आदेश पारित किए जाएंगे।
गौर हो कि परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सरकार ने पुख्ता प्रबंध किए थे। इस दौरान दूसरों के स्थानों पर परीक्षा देने के कई मामले सामने आए थे। हिसार, सिरसा, रेवाडी, फ़रीदाबाद, हांसी,पलवल, अंबाला, फ़तेहाबाद,कुरूक्षेत्र, महेंद्रगढ़ और चंडीगढ़ में कुल 36 केस दर्ज कराए गए थे। सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री परीक्षा के दौरान ऐसे उल्लंघनकर्ताओं को रंगे हाथों पकड़ने के लिए विभिन्न जिलों में कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भर्ती प्रक्रियाओं में योग्यता और पारदर्शिता के सिद्धांतों को बनाए रखने के सरकार के अथक प्रयास पहले की तरह जारी रहेंगे और केवल योग्य उम्मीदवार ही हरियाणा में नौकरियां सुरक्षित करेंगे।