हरियाणा सरकार ने 14 अप्रैल संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती से 5 मई तक ‘ग्राम स्वराज अभियान’ मनाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मुख्य सचिव डीएस ढेसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया। ढेसी ने बताया गया कि ग्राम स्वराज अभियान के दौरान केंद्र सरकार ने 21058 गांवों, जिनमें हरियाणा के 235 गांव शामिल हैं, में 7 योजनाएं जिनमें उज्ज्वला योजना, उजाला कार्यक्रम, मिशन इंद्रधनुष के अलावा हर घर बिजली पहुंचाने से जुड़ी सौभाग्य योजना, जन धन योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना और पीएम जीवन ज्योति बीमा योजनाएं हैं, को सार्वभौमिक कवरेज प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में बताया गया कि ग्राम स्वराज अभियान के दौरान 14 अप्रैल को सामाजिक न्याय दिवस मनाया जाएगा और इस दिन देश के प्रधानमंत्री देश को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, 18 अप्रैल को स्वच्छ भारत , 20 अप्रैल को उज्जवला दिवस मनाया जाएगा। इसी प्रकार, 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर मनाया जाएगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस दिन देश की ग्राम सभाओं को दूरदर्शन एवं रेडियो के माध्यम से संबोधित करेंगे।