बोले-यू-टर्न फैसलों की बजाय बुढ़ापा पेंशन बढ़ाने का सीधा फैसला लें मुख्यमंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए पूर्व गठबंधन सरकार ने 1100 से ज्यादा डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने पर काम किया था। लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार तीन महीने में इन लाइब्रेरी के विकास पर कोई कदम नहीं उठाया है। दुष्यंत ने सरकार से मांग की कि सरकार युवाओं के हित में डिजिटल लाइब्रेरी के विकास पर फोकस करें और जिन लाइब्रेरी का निर्माण अधूरा है उन्हें पूरा करवाएं। साथ ही सभी लाइब्रेरी में पुस्तकें, कंप्यूटर व अन्य शिक्षा सामग्री की व्यवस्था करवाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में कभी तीन हजार रुपये बुढ़ापा पेंशन करने की बात नहीं कही गई थी। दुष्यंत ने सरकार से मांग की कि बुजुर्गों के सम्मान में बुढ़ापा पेंशन को 5100 रुपए करनी चाहिए, अगर सरकार 5100 रुपये नहीं कर सकती है तो इसे 3500 रुपये जरूर करें। कहा, इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी को कोई यू-टर्न नहीं लेना पड़ेगा, जनहित में वे यह सीधा फैसला ले सकते है। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार को अग्निवीर योजना में संशोधन करना चाहिए। पूर्व गठबंधन सरकार में जजपा ने बुढ़ापा पेंशन लड़कर दो हजार से तीन हजार रुपए करवाई थी।