मोहाली। गांव माजरी में शाम करीब सात बजे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने घर के बाहर खड़ी 75 वर्षीय जसपाल कौर के कानों से सोने की बालियां झपट लीं। वारदात के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से भाग निकले। जसपाल कौर के अनुसार, दोनों युवक रास्ता पूछने के बहाने उनके पास पहुंचे और मोटरसाइकिल धीमी की। इसी दौरान पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनकी बालियां खींच लीं। एक युवक ने मुंह ढका हुआ था जबकि दूसरे ने सिर पर पटका बांध रखा था। वारदात के बाद महिला के बेटे अवतार सिंह ने माजरी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। संवाद